गौतम अदाणी के बाद ये चार युवा संभालेंगे 17 लाख करोड़ का अदाणी ग्रुप बिजनेस

नई दिल्ली/ मुंबई। देश के बड़े कारोबारी समूहों में शामिल अदाणी ग्रुप ने अपने भविष्य की नेतृत्व व्यवस्था को लेकर बड़ा रोडमैप तैयार किया है। ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी के बाद कारोबार की कमान अगली पीढ़ी के हाथों में सौंपने की तैयारी है। इस योजना के तहत उनके दो बेटे करण अदाणी और जीत अदाणी के साथ दो भतीजे प्रणव अदाणी और सागर अदाणी समूह की जिम्मेदारियां संभालेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन चारों को ‘G2 लीडरशिप’ के तौर पर तैयार किया जा रहा है। करीब 17 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कारोबारी साम्राज्य को आगे बढ़ाने के लिए चारों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। खास बात यह है कि अगली पीढ़ी को केवल पारिवारिक विरासत के आधार पर नहीं, बल्कि अपनी क्षमता और प्रदर्शन के जरिए नेतृत्व की जिम्मेदारी निभानी होगी।
आइए जानते हैं कि अदाणी परिवार की अगली पीढ़ी के इन चार सदस्यों के पास फिलहाल कौन-कौन से कारोबार हैं।
1. प्रणव अदाणी: रियल एस्टेट से लेकर गैस कारोबार तक जिम्मेदारी
48 वर्षीय प्रणव अदाणी ग्रुप के अनुभवी कारोबारी चेहरों में शामिल हैं। वह अदाणी एंटरप्राइजेज के डायरेक्टर और एग्रो, ऑयल एंड गैस कारोबार के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उनके जिम्मे रियल एस्टेट, शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD), खेल, प्राकृतिक संसाधन और ग्रुप की ब्रांडिंग जैसे अहम क्षेत्र हैं। उन्होंने 1999 में अदाणी विल्मर के साथ अपने कारोबारी सफर की शुरुआत की थी।
बोस्टन यूनिवर्सिटी से स्नातक प्रणव अदाणी हार्वर्ड के ओनर-प्रेसिडेंट मैनेजमेंट प्रोग्राम से भी जुड़े रहे हैं। उन्होंने अदाणी टोटल गैस को देश की प्रमुख निजी क्षेत्र की सिटी गैस वितरण कंपनियों में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई है।
2. करण अदाणी: पोर्ट्स, लॉजिस्टिक्स और सीमेंट कारोबार की कमान

39 वर्षीय करण अदाणी ग्रुप के महत्वपूर्ण कारोबारों का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने अमेरिका की पर्ड्यू यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स की पढ़ाई की है। साल 2009 में उन्होंने मुंद्रा पोर्ट से अपने कारोबारी करियर की शुरुआत की। 2016 में उन्हें अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) का CEO बनाया गया और 2024 में वह कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर बने।
वर्तमान में उनके पास पोर्ट्स, लॉजिस्टिक्स और सीमेंट कारोबार की जिम्मेदारी है। अधिग्रहण के जरिए कारोबार के विस्तार में भी उनकी अहम भूमिका रही है। इसमें होल्सिम के भारतीय सीमेंट कारोबार का अधिग्रहण और इसके बाद हुए अन्य सौदे शामिल हैं।
3. सागर अदाणी: एनर्जी और फाइनेंस कारोबार की जिम्मेदारी

32 वर्षीय सागर अदाणी भी ग्रुप की अगली पीढ़ी के प्रमुख चेहरों में शामिल हैं। उन्होंने अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी से इकोनॉमिक्स की पढ़ाई की है और 2015 में अदाणी ग्रुप से जुड़े थे।
सागर ने अदाणी ग्रीन एनर्जी के सोलर और विंड एनर्जी पोर्टफोलियो को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब वह ग्रुप के एनर्जी कारोबार के साथ-साथ फाइनेंस और कैपिटल एलोकेशन यानी पूंजी के सही इस्तेमाल से जुड़े फैसलों की देखरेख करते हैं।
4. जीत अदाणी: एयरपोर्ट से लेकर AI और डिफेंस तक नजर

29 वर्षीय जीत अदाणी परिवार की नई पीढ़ी के सबसे युवा कारोबारी चेहरों में हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिल्वेनिया से पढ़ाई की है और 2019 में ग्रुप के साथ जुड़े थे।
उनके जिम्मे अदाणी ग्रुप के आठ हवाई अड्डों का कारोबार है। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा सेंटर, डिफेंस, पेट्रोकेमिकल्स और मेटल्स जैसे उभरते क्षेत्रों में भी वह नेतृत्व की भूमिका निभा रहे हैं।
चार हाथों में होगी भविष्य के कारोबार की जिम्मेदारी
अदाणी ग्रुप की इस उत्तराधिकार योजना में चारों सदस्यों को अलग-अलग कारोबारी क्षेत्रों की जिम्मेदारी देकर नेतृत्व की अगली पीढ़ी तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य समूह के मौजूदा कारोबार को आगे बढ़ाने के साथ नए क्षेत्रों में विस्तार करना भी है।
इस तरह करण, जीत, प्रणव और सागर अदाणी मिलकर समूह के भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे। हालांकि, कारोबार की अगली पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपने के साथ यह भी महत्वपूर्ण होगा कि वे समूह की विकास योजनाओं, निवेश और कारोबारी चुनौतियों को किस तरह आगे बढ़ाते हैं।



