ग्लोबल मार्केट में कमजोरी, अमेरिकी-यूरोपीय बाजार दबाव में

नई दिल्ली। ग्लोबल मार्केट से आज कमजोरी के संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली का दबाव बना रहा। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार बिकवाली होती रही। इसी तरह एशियाई बाजार में भी आज चौतरफा गिरावट का रुख बना हुआ नजर आ रहा है।
ग्लोबल बॉन्ड मार्केट के दबाव और ट्रेजरी यील्ड बढ़ने की वजह से अमेरिकी शेयर बाजार पिछले सत्र के दौरान गिरावट के साथ बंद हुए।
माना जा रहा है की लंबी अवधि की ट्रेजरी यील्ड में फिर से बढ़ोतरी शुरु हो जाने के कारण अमेरिका में महंगाई और बढ़ते कर्ज को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है, जिसकी वजह से निवेशक पिछले सत्र के दौरान सतर्क होकर कारोबार करते हुए नजर आए।
डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 341.11 अंक यानी 0.66 प्रतिशत गिर कर 51,180.17 अंक के स्तर पर आ गया। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.22 प्रतिशत टूट कर 7,801.74 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया।
इसके अलावा नैस्डेक 0.22 प्रतिशत फिसल कर 27,538.69 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.12 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 51,119.69 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार दबाव बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 83.19 अंक यानी 0.80 प्रतिशत लुढ़क कर 10,458.50 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 95.86 अंक यानी 1.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 7,769.21 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया।
इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 344.83 अंक यानी 1.37 प्रतिशत टूट कर 25,104.36 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में भी आज चौतरफा बिकवाली होती हुई नजर आ रही है। एशिया के सभी नौ बाजार के सूचकांक आज गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं।
गिफ्ट निफ्टी 0.38 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 22,505.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.59 प्रतिशत गिर कर 5,434.11 अंक के स्तर पर आ गया है।
कोस्पी इंडेक्स में आज जबरदस्त कमजोरी नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 144.66 अंक यानी 2.13 प्रतिशत लुढ़क कर 6,659.24 अंक के स्तर पर आ गया है।
टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज के निक्केई इंडेक्स में भी आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 804.71 अंक यानी 1.15 प्रतिशत गिर कर 69,231 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।
इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 217.50 अंक यानी 0.90 प्रतिशत फिसल कर 23,913 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा ताइवान वेटेड इंडेक्स 358.81 अंक यानी 0.72 प्रतिशत टूट कर 49,447.56 अंक के स्तर पर, जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 6,122.27 अंक के स्तर पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.27 प्रतिशत लुढ़क कर 3,831.84 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.23 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 1,581 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।



