Sonali Phogat मामले की जांच के लिए हरियाणा पहुंचा गोवा पुलिस का दल - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

Sonali Phogat मामले की जांच के लिए हरियाणा पहुंचा गोवा पुलिस का दल

हिसार | भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नेता सोनाली फोगाट की कथित हत्या के मामले की जांच के लिए गोवा पुलिस का एक दल बुधवार को हरियाणा के हिसार जिले में पहुंचा। यह दल पहले यहां सदर पुलिस थाने गया और इसके बाद उसके फोगाट के फार्महाउस जाने की संभावना है, ताकि वह मामले संबंधी सबूत एकत्र कर सके। गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार को कहा था कि उनकी सरकार ने फोगाट की कथित हत्या की जांच से जुड़ी एक 'गोपनीय रिपोर्ट हरियाणा के मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक को सौंपी है।

उन्होंने कहा था कि गोवा पुलिस का एक दल जांच के तहत हरियाणा में कुछ लोगों के बयान दर्ज करेगा। हरियाणा के हिसार जिले की रहने वाली पूर्व टिकटॉक स्टार और रियलिटी टीवी शो 'बिग बॉस की प्रतिभागी रह चुकी फोगाट (43) की 22-23 अगस्त की बीच रात गोवा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। वह मौत से दो दिन पहले अपने दो पुरुष साथियों के साथ गोवा पहुंची थीं। इस बीच, हरियाणा पुलिस फोगाट के परिवार द्बारा दर्ज कराई गई शिकायत की जांच करने के लिए मंगलवार को उनके फार्महाउस गई थी।

पुलिस ने बताया था कि फोगाट के परिवार ने आरोप लगाया है कि उनके फार्महाउस से सीसीटीवी कैमरे का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर और कुछ दस्तावेज चोरी हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेता के सहायक सुधीर सांगवान के सहयोगी शिवम ने 23 अगस्त को फोगाट की मौत की खबर सामने आने के बाद फार्महाउस से ये चीजें उठाईं। परिवार ने हिसार के पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिह से भी मंगलवार को मुलाकात की थी और मामले की गहन जांच किए जाने की मांग की थी। फोगाट की बेटी यशोधरा ने घटना की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो से कराए जाने की मांग मंगलवार को दोहराई। गोवा पुलिस ने इस मामले में अब तक फोगाट के दो सहयोगियों सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

Related Articles

Back to top button