देश के कई हिस्सों में बारिश का कहर, गुजरात में हाहाकार, महाराष्ट्र में लोग बेहाल, थमी जिंदगी की रफ्तार - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
nationalTop News

देश के कई हिस्सों में बारिश का कहर, गुजरात में हाहाकार, महाराष्ट्र में लोग बेहाल, थमी जिंदगी की रफ्तार

देश भर में मॉनसून के पहुंचने के बाद से कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश आफत बनकर आई है। महाराष्ट्र, गुजरात, असम समेत कई राज्यों में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। इन राज्यों में गांव तो गांव, कई शहर डूबे हुए हैं, जिससे लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। गुजरात में भारी बारिश से कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं, जिसमें अब तक 83 लोगों की जान चली गई है। महाराष्ट्र के भी कई जिलों में बारिश ने कहर बरपाया है और वहां भी कई मौतें हुई हैं। असम में पिछले कई दिनों से भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा रखी है।

गुजरात का हाल बेहाल, 83 लोगों की मौत

गुजरात के कई हिस्सों में भारी बारिश का कहर जारी है। राज्य में बारिश संबंधी घटनाओं में एक जून से अभी तक 83 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं बाढ़ प्रभावित इलाकों से 31 हजार लोगों को निकाला गया, जिनमें से 18,225 अब भी आश्रय गृहों में है। कच्छ, नवसारी और डांग में बारिश के पानी में डूबने की वजह से स्टेट हाइवे अब भी बंद हैं, जबकि पंचायतों के 483 रास्ते बंद हैं और 729 गांवों में बिजली चली गई है। राज्य के 27 जिलों के 1934 गांव बाढ़ की चपेट में हैं।

अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण गुजरात के जिलों में पिछले कुछ दिनों से भारी बारिश जारी है, जबकि सौराष्ट्र क्षेत्र में कच्छ और राजकोट के कई इलाकों में सोमवार रात से भारी बारिश हो रही है। दक्षिण गुजरात के नर्मदा, सूरत, डांग, वलसाड और तापी जिलों और मध्य भाग के पंचमहल और छोटा उदयपुर में भी भारी बारिश हुई है। मौसम विज्ञान विभाग ने सौराष्ट्र क्षेत्र के वलसाड, नवसारी, सूरत, तापी, डांग, नर्मदा, छोटा उदयपुर जिलों के साथ-साथ कच्छ, राजकोट, जामनगर, देवभूमि द्वारका और मोरबी में बुधवार तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान लगाते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।

दक्षिण और मध्य गुजरात में भारी बारिश से खड़ी फसलों, पावर सप्लाई नेटवर्क, जिला और राज्य राजमार्गों, सरकारी और निजी संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ है। राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, नुकसान सैकड़ों करोड़ रुपये में हो सकता है।

Related Articles

Back to top button