मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

लोकसभा में कांग्रेस से अलग बैठेगी DMK, सांसदों के लिए मिली नई जगह

नई दिल्ली। तमिलनाडु की प्रमुख क्षेत्रीय पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के सांसद अब लोकसभा में कांग्रेस से अलग बैठेंगे। लोकसभा स्पीकर ने पार्टी के सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था कर दी है। डीएमके ने इसके लिए मई में स्पीकर को पत्र लिखकर मांग की थी। इंडिया गठबंधन से अलग होने के बाद पार्टी ने कांग्रेस के सांसदों के साथ बैठने पर आपत्ति जताई थी।

लोकसभा में बैठने की नई व्यवस्था का असर सिर्फ डीएमके तक सीमित नहीं है। समाजवादी पार्टी, एनसीपी-एसपी, शिवसेना-यूबीटी और कांग्रेस के कुछ सांसदों की बैठने की जगह भी बदली गई है। एनसीपी-एसपी की सुप्रिया सुले अब डीएमके सांसद कनिमोझी और दयानिधि मारन के साथ बैठेंगी।

परिसीमन बिल पर होने वाले विशेष सत्र से पहले लोकसभा सचिवालय ने यह बदलाव किया है।

एमके स्टालिन ने की थी अलग बैठने की मांग

डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने लोकसभा में पार्टी सांसदों के बैठने की व्यवस्था बदलने की मांग की थी। उनका कहना था कि कांग्रेस के साथ डीएमके का गठबंधन खत्म हो चुका है। ऐसे में पार्टी के सांसदों का कांग्रेस सदस्यों के साथ बैठना सही नहीं होगा।

इसके बाद डीएमके ने मई में लोकसभा स्पीकर को पत्र लिखकर अपने सांसदों के लिए अलग जगह देने का आग्रह किया था।

विधानसभा चुनाव के बाद बिगड़े DMK-कांग्रेस के रिश्ते

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद डीएमके और कांग्रेस के बीच रिश्ते खराब हो गए। डीएमके के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने के बाद कांग्रेस ने TVK की सरकार को समर्थन देने का फैसला किया। इसके बाद कांग्रेस नई सरकार का हिस्सा बन गई।

कांग्रेस के इस फैसले से डीएमके के साथ उसका लंबे समय से चला आ रहा गठबंधन खत्म हो गया। इस मुद्दे पर डीएमके के कई वरिष्ठ नेताओं ने कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कांग्रेस के कदम को ‘पीठ में छुरा घोंपना’ और ‘धोखा’ बताया।

वहीं, कांग्रेस नेताओं ने अपने फैसले का बचाव किया। उनका कहना था कि डीएमके ने भी 2014 में अकेले चुनाव लड़ने का फैसला किया था।

Related Articles

Back to top button