PM मोदी ने मंत्रियों को दिया Social Media का रिपोर्ट कार्ड - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

PM मोदी ने मंत्रियों को दिया Social Media का रिपोर्ट कार्ड

नई दिल्ली। राजनीति में सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों को इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय रहने का संदेश दिया है। बुधवार को कैबिनेट बैठक के दौरान मंत्रियों को सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता की रिपोर्ट सौंपी गई। इसमें 1 मई से 15 अगस्त तक फेसबुक, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन और एक्स पर उनकी गतिविधियों का आकलन किया गया है।

मंत्रियों को बंद लिफाफे में मिला रिपोर्ट कार्ड

सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट बैठक में सभी मंत्रियों को एक-एक बंद लिफाफा दिया गया। इसमें सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता, पोस्ट, अलग-अलग मुद्दों पर उनकी राय और लोगों की प्रतिक्रिया का ब्योरा शामिल था।

रिपोर्ट में मंत्रियों की रैंकिंग भी की गई थी। इसमें यह देखा गया कि कौन मंत्री सोशल मीडिया पर कितना सक्रिय है और उसकी पोस्ट पर लोगों की प्रतिक्रिया कैसी रही।

विपक्षी नेताओं से भी की गई तुलना

रिपोर्ट में सिर्फ मंत्रियों के प्रदर्शन का आकलन नहीं किया गया। उनके प्रदर्शन की तुलना दूसरे मंत्रियों और विपक्षी दलों के नेताओं से भी की गई।

प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से इस रिपोर्ट को गंभीरता से लेने को कहा। उन्होंने सोशल मीडिया को युवाओं से जुड़ने का अहम माध्यम बताया।

युवाओं तक पहुंचने पर PM मोदी का जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय है। ऐसे में सरकार और पार्टी के संदेश भी इन प्लेटफॉर्म के जरिए सीधे युवाओं तक पहुंच सकते हैं।

उन्होंने मंत्रियों से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने और महत्वपूर्ण मुद्दों पर सही जानकारी साझा करने पर जोर दिया। सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधि होने के कारण मंत्रियों की ओर से दी गई जानकारी को अधिक विश्वसनीयता मिलती है।

गलत जानकारी का जवाब देने की भी तैयारी

सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने भ्रामक जानकारी से पैदा होने वाले भ्रम को लेकर भी मंत्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर गलत तथ्यों का प्रसार होने की स्थिति में सरकार के प्रतिनिधियों को सही तथ्य सामने रखने चाहिए।

इसका उद्देश्य सोशल मीडिया पर चल रहे राजनीतिक विमर्श में सरकार की मौजूदगी को मजबूत करना भी है।

Instagram पर सक्रियता बढ़ाने पर पहले भी दे चुके हैं जोर

प्रधानमंत्री मोदी पहले भी मंत्रियों से सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाने की अपील कर चुके हैं। खास तौर पर उन्होंने इंस्टाग्राम के जरिए युवाओं और Gen-Z तक पहुंच बनाने पर जोर दिया है।

पीएम मोदी खुद भी इंस्टाग्राम पर सक्रिय हैं और इस प्लेटफॉर्म के जरिए युवा वर्ग से संवाद करते रहे हैं। ऐसे में अब मंत्रियों की सोशल मीडिया गतिविधियों का औपचारिक आकलन किए जाने को सरकार की डिजिटल कम्युनिकेशन रणनीति के अहम हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button