सोनप्रयाग पार्किंग में पानी ही पानी

रुद्रप्रयाग। भारी बारिश के चलते रुद्रप्रयाग जिले में जनजीवन प्रभावित हो गया है। केदारनाथ हाईवे पर तिलवाड़ा के पास गीड गधेरा उफान पर आने से सड़क पर मलबा आ गया, जिसके कारण मार्ग बंद हो गया। वहीं, केदारनाथ यात्रा के प्रमुख पड़ाव सोनप्रयाग की बहुमंजिला पार्किंग में जलभराव से यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तिलवाड़ा के पास केदारनाथ हाईवे पर मलबा
भारी बारिश के बाद तिलवाड़ा स्थित गीड गधेरा उफान पर आ गया। इसके चलते केदारनाथ हाईवे पर मलबा फैल गया और मार्ग बंद हो गया। इससे हाईवे पर आवाजाही प्रभावित हुई।
सोनप्रयाग की बहुमंजिला पार्किंग में भरा बारिश का पानी
गौरीकुंड स्थित सोनप्रयाग की बहुमंजिला पार्किंग में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से कई हिस्सों में पानी भर गया है। पार्किंग के कई स्थान तालाब जैसे नजर आ रहे हैं।
केदारनाथ यात्रा के दौरान प्रतिदिन हजारों वाहन इसी पार्किंग में खड़े होते हैं। बारिश शुरू होते ही कई वाहन घंटों तक पानी में खड़े रहने को मजबूर हैं। वहीं, श्रद्धालुओं को सामान लेकर जलभराव और कीचड़ के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों ने उठाए व्यवस्थाओं पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्किंग से हर साल करोड़ों रुपये का राजस्व मिलता है। इसके बावजूद बरसाती पानी की निकासी जैसी बुनियादी व्यवस्था पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
उनका कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था बेहतर होती तो यात्रियों और वाहन चालकों को इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
जीप टैक्सी यूनियन ने की स्थायी समाधान की मांग
जीप टैक्सी यूनियन सोनप्रयाग के अध्यक्ष अंकित गैरोला ने कहा कि पार्किंग क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से हर वर्ष जलभराव की समस्या पैदा होती है। इससे परिसर में कीचड़ और दलदल जैसी स्थिति बन जाती है।
उन्होंने कहा कि इस कारण वाहन पार्क करने और यात्रियों को सामान ले जाने में काफी दिक्कत होती है। उन्होंने प्रशासन से पार्किंग में बरसाती पानी की निकासी की स्थायी और प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की, ताकि यात्रा सीजन के दौरान यात्रियों को अनावश्यक परेशानी न हो।


