भाजपा कार्यकर्ता 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में जुट जाएं: नड्डा' - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

भाजपा कार्यकर्ता 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में जुट जाएं: नड्डा’

भाजपा कार्यकर्ता 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में जुट जाएं: नड्डा’

इंदौर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरी मेहनत और लगन से काम करें। नड्डा सोमवार रात इंदौर पहुंचे जहां मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ बड़ी तादाद में मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे पर स्वागत किया। नड्डा ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में भाजपा के प्रति पार्टी कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा,”हम सब लोग एक समान उद्देश्य और एक समान विचारधारा के साथ देश एवं समाज को आगे बढ़ाने में लगे हैं।” नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया,”आप इस संकल्प के साथ पूरी मेहनत और लगन से काम करें कि 2047 में विकसित भारत को हम सब अपनी आंखों से देख सकें।” उन्होंने मुख्यमंत्री यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष खंडेलवाल के नामों का उल्लेख करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि वे दोनों नेताओं को सहयोग करें और पार्टी को ताकत प्रदान करें। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री नड्डा मध्यप्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) के आधार पर बनने जा रहे चिकित्सा महाविद्यालयों के निर्माण की नींव मंगलवार को रखेंगे। इस सिलसिले में धार में समारोह आयोजित किया गया है।

 

Related Articles

Back to top button