एसआईआर: मंगलवार को तीन राज्यों, दो केंद्र शासित प्रदेशों की मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

एसआईआर: मंगलवार को तीन राज्यों, दो केंद्र शासित प्रदेशों की मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी

एसआईआर: मंगलवार को तीन राज्यों, दो केंद्र शासित प्रदेशों की मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी

नयी दिल्ली. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मंगलवार को तीन राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की मतदाता सूचियों का मसौदा प्रकाशित किया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने बताया कि पश्चिम बंगाल, राजस्थान, गोवा, पुडुचेरी और लक्षद्वीप की मतदाता सूचियों का मसौदा मंगलवार को प्रकाशित किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) और जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ मतदाता सूची के मसौदे की प्रति साझा करेंगे। मतदाता सूची सीईओ और डीईओ की वेबसाइटों पर भी अपलोड की जाएगी। अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत मतदाताओं की सूचियां भी सीईओ और डीईओ की वेबसाइटों पर अपलोड की जाएंगी। पिछले सप्ताह, निर्वाचन आयोग ने सीईओ के अनुरोधों के बाद पांच राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में एसआईआर की समय सीमा बढ़ा दी थी। तमिलनाडु, गुजरात, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के लिए समय सीमा में संशोधन किया गया। इन छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में गणना की अवधि पिछले बृहस्पतिवार को समाप्त होनी थी और मतदाता सूची का मसौदा 16 दिसंबर को प्रकाशित किया जाना था। बयान में कहा गया है कि तमिलनाडु और गुजरात के लिए गणना की अवधि 14 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है, जहां मतदाता सूची का मसौदा 19 दिसंबर को प्रकाशित किया जाएगा। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लिए, गणना की अवधि 18 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है और मतदाता सूचियों का मसौदा 23 दिसंबर को प्रकाशित किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में गणना की अवधि 26 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है और मतदाता सूची का मसौदा 31 दिसंबर को प्रकाशित किया जाएगा। गोवा, पुडुचेरी, लक्षद्वीप, राजस्थान और पश्चिम बंगाल में गणना की अवधि बृहस्पतिवार को समाप्त हो जाएगी और मतदाता सूची का मसौदा 16 दिसंबर को प्रकाशित किया जाएगा। केरल के लिए कार्यक्रम में पूर्व में संशोधन किया गया था। राज्य में गणना की अवधि 18 दिसंबर को समाप्त होगी और मतदाता सूची का मसौदा 23 दिसंबर को प्रकाशित किया जाएगा। 

Related Articles

Back to top button