हर जिले में खुलेंगे अन्नपूर्णा दाल-भात केंद्र, श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना शुरू

रायपुर., 16 सितंबर 2024: भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य स्तरीय श्रमिक सम्मेलन में बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने राज्य के सभी जिलों में अन्नपूर्णा दाल-भात केंद्र खोलने और पंजीकृत श्रमिक परिवारों के बच्चों के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा सहायता योजना शुरू करने की बात कही, जिसके तहत श्रमिकों के बच्चों को श्रेष्ठ आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा मिलेगी।
57 हजार श्रमिकों को 49.43 करोड़ रुपये की सहायता राशि
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 57 हजार से अधिक पंजीकृत श्रमिक परिवारों को विभिन्न योजनाओं के तहत 49.43 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित की। उन्होंने श्रमिकों को शाल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग द्वारा तैयार की गई कॉफी टेबल बुक ‘क्रेडल्स ऑफ होप’ का विमोचन भी किया।
श्रमिकों के हित में नए कदम
मुख्यमंत्री श्री साय ने श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के लिए शुरू किए गए ‘श्रमेव जयते एप’ और श्रमिक हेल्पलाइन नंबर की सराहना की। उन्होंने अपने कार्यकाल में श्रमिकों के पेंशन और प्रोविडेंट फंड से जुड़ी समस्याओं के समाधान की भी चर्चा की। इस एप और हेल्पलाइन के माध्यम से श्रमिक अब अपनी समस्याओं का समाधान आसानी से पा सकेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष और श्रम मंत्री की सराहना
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सुशासन और पारदर्शिता के साथ योजनाओं को लागू करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। श्रमिकों को अब बिचौलियों से मुक्ति मिल गई है, और सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में पहुँच रही है। श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने बताया कि अब तक राज्य सरकार द्वारा 235 करोड़ रुपये की सहायता राशि श्रमिकों को प्रदान की गई है।
उप मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं का संबोधन
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि शिकायत निवारण पोर्टल और टोल फ्री नंबर की शुरुआत की गई है, जिससे श्रमिक घर बैठे अपनी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने श्रमिकों को प्रदेश की रीढ़ बताया और उनके बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने पर जोर दिया।
इस कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे, जिनमें विधायक मोतीलाल साहू, पद्मश्री अनुज शर्मा, गुरू खुशवंत साहेब, श्रम विभाग के सचिव श्रीमती अलेरमंगई डी., रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह और बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल थे।



