बदलाव की बयार मंत्रियों के विभागों पर भी

डिप्टी सीएम को सीएम का काैन सा विभाग मिलेगा
चाैबे,ताम्रध्वज, के विभाग भी बदलेंगे
प्रेमसाय नहीं होंगे दरकिनार, मिलेगा पद
रायपुर(realtimes) छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन में प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने के साथ ही मंत्रिमंडल में भी फेरबदल सामने आ चुका है। अब मंत्रियों के विभागों में बदलाव की बयार राजनीतिक हल्कों में सुनी जा रही है। हालांकि अभी मंत्रियों के विभागों में बदलाव की सूची जारी नहीं हुई है। यह सूची जारी होने से पहले राजभवन भेजी जाएगी। राज्यपाल की मंजूरी के बाद बदलाव की सूची जारी की जाएगी।
इस बदलाव की संभावना
शुक्रवार को मंत्रि पद की शपथ लेने वाले मोहन मरकाम के आदिवासी विभाग दिया जाना तय है। पूर्व मंत्री प्रेमसाय सिंह का स्कूल शिक्षा और सहकारिता विभाग वरिष्ठ मंत्री रविंद्र चाैबे को, रविंद्र चाैबे का कृषि पशुपालन,मछली पालन विभाग मंत्री ताम्रध्वज को, और सबसे बड़ा बदलाव मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का उर्जा विभाग डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव को दिए जाने की चर्चा है।
टेकाम से कम नहीं हुआ प्रेम
डा. प्रेम साय सिंह टेकाम को मंत्रि पद से हटाने के बाद भी पार्टी ने उनसे मूंह नहीं फेरा है। बताया जा रहा है कि प्रेमसाय सिंह को योजना मंडल का अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है। खास बात ये है कि हर सरकार में योजना मंडल के अध्यक्ष का पद मुख्यमंत्री के पास होता है। छ्त्तीसगढ़ में भी मुख्यमंत्री के पास ये मंडल है। लेकिन शायद यह पहली बार होगा कि मुख्यमंत्री से अलग किसी नेता को योजना मंडल का अध्यक्ष बनाया जा रहा है। यह पद कैबिनेट मंत्री के समकक्ष होगा। लेकिन ये फिलहाल सियासी चर्चा की जानकारी है। सूची जारी होने के बाद स्थिति साफ होगी।



