भाजपा का अब पूरा फोकस बूथ जीतो, चुनाव जीतो की रणनीति पर - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा का अब पूरा फोकस बूथ जीतो, चुनाव जीतो की रणनीति पर

रायपुर(realrimes) छत्तीसगढ़ में विधानसभा के चुनाव के लिए अब भाजपा का पूरा फोकस प्रदेश प्रभारी ओम माथुर के निर्देश पर  बूथ जीतो, चुनाव जीतो की रणनीति पर है। प्रदेश भाजपा संगठन यहां भी गुजरात की तर्ज पर 24 हजार से ज्यादा बूथों की कुंडली बनाने में लगा हुआ है। इसके लिए क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल को जिम्मा सौंपा गया है। वे सभी 90 विधानसभाओं का दौरा पूरा कर चुके हैं। पन्ना और पेज प्रभारियों को हर बूथ की पूरी जानकारी जुटाने का बड़ा जिम्मा दिया गया है। इसी के साथ बूथों के पदाधिकारियों को हर मतदाता की भी जानकारी जुटाने का काम सौंपा गया है।
भाजपा संगठन मिशन 2023 की तैयारी में जुटा हुआ है। इसको लेकर एक तरफ संगठन जहां प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रामक रूख दिखाते हुए लगातार आंदोलन कर रहा है, वहीं बूथों को मजबूत करने पर भी पूरा फोकस किया जा रहा है। नए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने यह फरमान जारी किया है कि बूथों को मजबूत करने के लिए उसकी पूरी जानकारी मंगाकर देखें कौन से बूथ में क्या स्थिति है। जो बूथ कमजोर होंगे, उस पर ज्यादा फोकस किया जाएगा।

यूपी जैसे कमाल की उम्मीद

भाजपा का राष्ट्रीय संगठन हर हाल में इस पर छत्तीसगढ़ में विधानसभा का चुनाव जीतना चाहता है, यही वजह है कि बड़े रणनीतिकार माने जाने वाले ओम माथुर को प्रदेश प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने यूपी में भाजपा को 47 सीटों से सीधे 325 सीटों तक ले जाने का कमाल किया था। अब वैसे ही कमाल की उम्मीद यहां की जा रही है।
बूथों में चल रहा अभियान
अब हर तरह के कार्यक्रम बूथों में किए जा रहे हैं। इसी के साथ हर बूथ में सतत संपर्क भी करने का काम भी प्रारंभ किया गया है। मंदिर, मस्जिद के प्रमुखों के साथ हर धर्म और समाज के लोगों से लगातार मिलने का काम कार्यकर्ता और पदाधिकारी कर रहे हैं। हर बूथ में यह भी देखा जा रहा है कि बूथ में भाजपा को मतदान करने वाले कितने लोग हैं और दूसरी पार्टी के मतदाता कितने हैं। जहां पर भाजपा के मतदाता कम हैं उन बूथों में भाजपा के लिए मतदान कराने के लिए लोगों से संपर्क करके उनको केंद्र सरकार की उपलब्धियों के साथ प्रदेश में भाजपा शासनकाल में हुए कामों के बारे में भी जानकारी देने का काम प्रारंभ किया गया है। इसी के साथ प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी से भी अवगत कराया जा रहा है।

मतदाताओं से वन टू वन

पन्ना और पेज प्रभारियों को हर मतदाता से वन यू वन बात करने कराने जिम्मा सौंपा गया है। ज्यादातर बूथों में पन्ना और पेज प्रभारी बन गए हैं और ये मतदाताओं से बात करने जाने भी लगे हैं। इसी के साथ विधानसभा के प्रभारियों को हर माह सात से दस दिनों तक बूथों में रहने कहा गया है। सभी बड़े नेताओं को भी लगातार बूथों में भेजा जा रहा है। इनका दौरा भी चल रहा है। अजय जामवाल ने अपने विधानसभा के दौरे में बूथों के लिए 24 बिंदुओं के बनाए गए फार्मेट की जानकारी सभी को दी है। इसी पर सब काम कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button