चंदेल बोले- बजट सत्र में सरकार को मुद्दों से भागने नहीं देंगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा, बेहद छोटे बजट सत्र का मतलब साफ है कि प्रदेश सरकार मुद्दों से भाग रही है। विपक्ष सरकार से जनता के मुद्दों पर जवाब चाहता है। हम सरकार को मुद्दों से भागने नहीं देंगे। हर मोर्चे पर घेरेंगे। प्रधानमंत्री आवास का मुद्दा ज्वलंत मुद्दा है। छत्तीसगढ़ की गरीब जनता आवास से वंचित है। गरीबों को स्वीकृत आवास यह सरकार नहीं दे सकी है। इस मुद्दे पर पूरे प्रदेश में, हर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा ने बड़े कार्यक्रम किये हैं। 10 लाख युवाओ का बेरोजगारी भत्ता का हिसाब सरकार से लेना है।
श्री चंदेल ने कहा, प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर हो गई है। हर रोज हत्या, बलात्कार, प्राणघातक हमले, लूट चोरी डकैती जैसे अपराध हो रहे हैं। कानून व्यवस्था का नामोनिशान नजर नहीं आ रहा। हम इस मामले को जोर-शोर से उठाएंगे।श्री चंदेल ने कहा, बस्तर में लगातार शहादत हो रही है और माओवादियों द्वारा सरकार के संरक्षण में भाजपा के कार्यकर्ताओं को पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने से रोका जा रहा है। उन्होंने कहा, छत्तीसगढ़ भ्रष्टाचार डूबा हुआ है। सरकार भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रही है। श्री चंदेल ने छत्तीसगढ़ में जनता से लेकर कर्मचारियों के आंदोलन का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार ने कोई भी वादा पूरा नहीं किया। कर्मचारियों के नियमितीकरण का मामला पूरे प्रदेश में गर्म है। छत्तीसगढ़ में कर्मचारी हड़ताल पर हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हड़ताल पर हैं।



