भाजपा की अब पीएम आवास पर प्रदेश सरकार काे घेरने की बनी रणनीति - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा की अब पीएम आवास पर प्रदेश सरकार काे घेरने की बनी रणनीति

रायपुर. भाजपा प्रदेश संगठन ने लगातार बैठकें और विधानसभाओं का दौरा करके राज्य सरकार काे पीएम आवास पर घेरने की रणनीति बनाई है। इसको लेकर हर पंचायत में विधानसभा के दौरे में इस समय मकानों से वंचित लाखों हितग्राहियों से मुलाकात करके उनके फार्म भरवाया जा रहा है। अब तक पांच हजार पंचायतों तक पहुंचकर साढ़े तीन लाख आवेदन जुटाए गए हैं। अभी छह हजार पंचायतों तक पहुंचना बाकी है। इसी के साथ 24 विधानसभाओं का दौरा भी बचा है। 66 विधानसभाओं का दौरा पूरा हो गया है। इसको पूरा करने के बाद फरवरी में दुर्ग में बड़ा आंदोलन होगा। इसमें रायपुर के भाजयुमो और बिलासपुर की मतहारी हुंकार रैली की तरह एक लाख से ज्यादा लोगों को जुटाने का लक्ष्य है।इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा ने लगातार बड़े आंदोलनों की रणनीति तैयार की है। पिछले साल दो बड़े आंदोलन पहला भाजयुमो का रायपुर में और दूसरा महिला मोर्चा का बिलासपुर में हो चुका है। तीसरा बड़ा आंदोलन पीएम आवास को लेकर अब नए साल में दुर्ग में करने की तैयारी है। इसको लेकर राजनांदगांव में हुई प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में पूरी रणनीति बनाई गई है।
पीएम आवास को लेकर पदयात्रा भी होगी
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने बताया, 2015 से योजना प्रारंभ होने के 3 वर्ष यानी 2018 तक छत्तीसगढ़ में छह लाख से अधिक मकानों का निर्माण हुआ प्रत्येक गांव में 60 से लेकर 200 तक मकान बनाए गए। लेकिन प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद गरीबों के मकान बनाने का कार्य बंद हो गया है। प्रदेश के लगभग 16 लाख प्रधानमंत्री आवास राज्य की कांग्रेस सरकार से राज्यांश न मिलने के कारण बंद पड़े हैं। जनहित के इस महत्वपूर्ण विषय को लेकर भाजपा के कार्यकर्ता पंचायत स्तर पर जनता से मिलकर उनकी परेशानियों की जानकारी एकत्र कर रहे हैं। प्रदेश की 11 हजार पंचायतों में से 4,993 तक भाजपा पहुंची है जिसमें लगभग 3 लाख पचास हजार प्रभावितों ने प्रधानमंत्री आवास हेतु आवेदन दिए हैं। यह कार्य अभी जारी है और भाजपा 11 हजार पंचायतों तक पहुंचकर प्रभावितों से आवेदन प्राप्त करेगी। शहरी क्षेत्र में वार्ड स्तर के कार्यक्रम की योजना बनाई गई है। भाजपा पूरे छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास गरीबों को दिलाने के लिए पदयात्रा भी करेगी और विधानसभा क्षेत्र में विधायकों का घेराव किया जाएगा। इसको लेकर पूरी रूपरेखा तैयार की गई है।

Related Articles

Back to top button