business
आस्ट्रेलिया में लिथियम, कोबाल्ट की पांच परियोजनाओं में भागीदारी करेगा भारत

नयी दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच लिथियम और कोबाल्ट सहित सूक्ष्म रसायनों के उत्खनन की पांच परियोजनाओं में मिल कर निदेश की दिशा में काम करने पर सहमति बनी है। सरकार ने इसे दोनों देशों के बीच सहयोग में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया है। खान मंत्रालय की शनिवार को जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक केंद्रीय कोयला, खान और संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी और ऑस्ट्रेलिया की खनिज मंत्री मेडेलीन किंग ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में द्विपक्षीय वार्ता में दोनों देशों के बीच साझेदारी के तहत पांच लक्षित परियोजनाओं की पहचान की है। इनमें दो लिथियम और तीन कोबाल्ट खनन की परियोजनाएं हैं। बयान में कहा गया है कि इन परियोजनाओं पर पर विस्तारपूर्वक तत्परता से आवश्यक कार्य किया जाएगा।



