JPSC-JSSC पर झारखंड सरकार का बड़ा फैसला - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

JPSC-JSSC पर झारखंड सरकार का बड़ा फैसला

रांची। झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता को लेकर चल रही जांच के बीच राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने डिप्टी कलेक्टर, असिस्टेंट प्रोफेसर, ड्रग इंस्पेक्टर, सिविल जज समेत 45 भर्ती परीक्षाओं पर कार्रवाई की है। मंगलवार देर रात जारी 8 अधिसूचनाओं के मुताबिक 39 परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं, जबकि 6 परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित रखा गया है। यह फैसला CID और SIT जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर लिया गया है।

सरकार का यह कदम आंदोलनकारी छात्रों की मांगों के बीच आया है। इससे पहले कैबिनेट बैठक के बाद JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने की घोषणा की गई थी। सरकार ने आउटसोर्स एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड यानी TDPL की ओर से आयोजित सभी परीक्षाओं और उसके जारी परिणामों को भी रद्द करने की बात कही थी।

2014 से हुई परीक्षाएं भी रद्द

रद्द की गई परीक्षाओं में हाल की भर्तियों के साथ कई पुरानी परीक्षाएं भी शामिल हैं। इनमें साल 2014 के बाद JPSC और TDPL की ओर से आयोजित परीक्षाएं शामिल हैं।

इन परीक्षाओं में डिप्टी कलेक्टर, ड्रग इंस्पेक्टर, असिस्टेंट प्रोफेसर, सहायक अभियंता, दंत चिकित्सक, सिविल जज, अतिरिक्त लोक अभियोजक और फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर जैसे पदों पर भर्ती से जुड़ी परीक्षाएं शामिल हैं।

इसके अलावा सरकारी पॉलिटेक्निक में लेक्चरर, सहायक वन संरक्षक, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी और दूसरे प्रशासनिक व तकनीकी पदों की भर्ती परीक्षाएं भी रद्द की गई हैं।

JPSC-JSSC में बनेंगे निगरानी प्रकोष्ठ

परीक्षाओं को रद्द और स्थगित करने के साथ सरकार ने भर्ती प्रक्रिया में सुधार के लिए भी कई फैसले लिए हैं। सरकार JPSC और JSSC में आंतरिक निगरानी प्रकोष्ठ बनाने की दिशा में काम करेगी।

सरकार ने JPSC और JSSC में अनियमितता और कदाचार से जुड़े मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने का अनुरोध हाईकोर्ट से करने का भी फैसला लिया है। परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए एक कमेटी गठित करने की बात भी कही गई है।

दो महीने में रिपोर्ट देगी सुधार कमेटी

JPSC और JSSC में सुधार के लिए वरिष्ठ IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अगुवाई में कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी दो महीने में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

सरकार की ओर से परीक्षा व्यवस्था में सुधार और दोनों आयोगों में आंतरिक सतर्कता व्यवस्था मजबूत करने की बात कही गई है।

इन प्रमुख परीक्षाओं को किया गया रद्द

  • विश्वविद्यालयों में गैर-शैक्षणिक पदों की भर्ती — विज्ञापन 09/2025
  • सहायक निदेशक/वरिष्ठ वैज्ञानिक पद बैकलॉग — विज्ञापन 10/2025
  • सहायक निदेशक/वरिष्ठ वैज्ञानिक पद नियमित — विज्ञापन 11/2025
  • ड्रग इंस्पेक्टर — विज्ञापन 12/2025
  • सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर बैकलॉग — विज्ञापन 02/2026
  • सरकारी पॉलिटेक्निक/महिला पॉलिटेक्निक में लेक्चरर बैकलॉग — विज्ञापन 03/2026
  • सरकारी पॉलिटेक्निक/महिला पॉलिटेक्निक में लेक्चरर नियमित — विज्ञापन 04/2026
  • मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर सुपर स्पेशलिस्ट — विज्ञापन 07/2026
  • सिविल जज जूनियर डिवीजन — विज्ञापन 22/2023
  • सहायक वन संरक्षक — विज्ञापन 03/2024
  • फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर — विज्ञापन 04/2024
  • सहायक लोक अभियोजक बैकलॉग — विज्ञापन 05/2025
  • सहायक लोक अभियोजक नियमित — विज्ञापन 06/2025
  • झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025 — विज्ञापन 01/2026
  • संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025 बैकलॉग — विज्ञापन 05/2026
  • संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2023 बैकलॉग — विज्ञापन 06/2026
  • फूड सेफ्टी ऑफिसर — विज्ञापन 18/2023
  • चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर — विज्ञापन 21/2023
  • संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2023 — विज्ञापन 01/2024
  • 5वीं संयुक्त सिविल सेवा भर्ती — विज्ञापन 06/2013
  • सिविल जज जूनियर डिवीजन — विज्ञापन 10/2015
  • सिविल जज जूनियर डिवीजन विशेष भर्ती — विज्ञापन 11/2015
  • मृदा संरक्षण पदाधिकारी — विज्ञापन 12/2015
  • सहायक निदेशक कृषि/अनुमंडल कृषि पदाधिकारी — विज्ञापन 03/2015
  • सहायक निदेशक कृषि/अनुमंडल कृषि पदाधिकारी बैकलॉग — विज्ञापन 04/2015
  • फूड सेफ्टी ऑफिसर — विज्ञापन 01/2016
  • डेंटिस्ट बेसिक कैडर — विज्ञापन 02/2016
  • संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा बैकलॉग — विज्ञापन 27/2017
  • कॉमर्शियल टैक्सेस लिमिटेड परीक्षा — विज्ञापन 10/2010
  • संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2016 — विज्ञापन 23/2016
  • जियोलॉजिस्ट एवं केमिस्ट भर्ती — विज्ञापन 01/2017 और 02/2017
  • सहायक लोक अभियोजक — विज्ञापन 03/2018
  • सिविल जज जूनियर डिवीजन नियमित — विज्ञापन 12/2018
  • संयुक्त सहायक अभियंता भर्ती — विज्ञापन 05/2019
  • संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2021 — विज्ञापन 01/2021
  • डेंटल डॉक्टर भर्ती — विज्ञापन 01/2022
  • 6वीं सीमित उप समाहर्ता — विज्ञापन 11/2018
  • झारखंड पात्रता परीक्षा JET 2024 — विज्ञापन 08/2025
  • CGL परीक्षा — विज्ञापन 10/2023

6 परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित

सरकार ने 6 परीक्षाओं को रद्द करने के बजाय अगले आदेश तक स्थगित रखा है। इनमें फूड एनालिस्ट, डिप्टी डायरेक्टर प्रॉसिक्यूशन, प्रोजेक्ट मैनेजर एवं समकक्ष, इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज, बॉयलर इंस्पेक्टर और डायरेक्टर पदों से जुड़ी परीक्षाएं शामिल हैं।

स्थगित परीक्षाओं की सूची

  • फूड एनालिस्ट — विज्ञापन 05/2024
  • डिप्टी डायरेक्टर, प्रॉसिक्यूशन — विज्ञापन 03/2025
  • प्रोजेक्ट मैनेजर एवं समकक्ष — विज्ञापन 04/2025
  • इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज — विज्ञापन 01/2025
  • बॉयलर इंस्पेक्टर — विज्ञापन 02/2025
  • डायरेक्टर — विज्ञापन 07/2025

छात्रों की मांगों के बीच सरकार का बड़ा कदम

JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। इसी बीच सरकार ने 45 परीक्षाओं को लेकर यह फैसला लिया है। 39 परीक्षाओं को रद्द करने और 6 को स्थगित करने के साथ अब परीक्षा व्यवस्था में सुधार और निगरानी तंत्र मजबूत करने की प्रक्रिया पर भी जोर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button