हर वर्ग से सुझाव लेकर बनेगा भाजपा का घोषणा पत्र, बनीं 15 समितियां, आज से होगा दौरा

रायपुर(realtimes) प्रदेश भाजपा संगठन ने अपना घोषणा पत्र बनाने की कवायद प्रारंभ कर दी है। इसके लिए आज से भाजपा की समितियां विधानसभाओं का दौरा करके लाेगाें के सुझाव लेगी। घोषणा पत्र में हर वर्ग के सुझाव लेने के बाद ही बनेगा। हर विधानसभा में लोगों के सुझाव लेने के लिए 15 समितियों का गठन किया गया है। इसी के साथ पांच संभाग प्रभारी भी बनाए गए हैं। प्रदेश प्रभारी ओम माथुर से निचले स्तर तक जाकर सुझाव लेने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में समितियों के सदस्य झुग्गी बस्तियों का भी दौरा करेंगे।
कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में भाजपा घोषणा पत्र समिति की बैठक प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नबीन ,भाजपा अध्यक्ष अरुण साव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह, संयोजक विजय बघेल, सह संयोजक रामविचार नेताम, अमर अग्रवाल, शिवरतन शर्मा के साथ सदस्य विजय शर्मा,ओपी चौधरी, महेश गागड़ा, लता उसेंडी,चंदशेखर साहू,केदार गुप्ता, रवि भगत, पंकज झा सहित सभी सदस्यों की उपस्थित में हुईं।
हर वर्ग तक जाएंगे सदस्य
बैठक में पूरे प्रदेश के गांव से लेकर शहर तक हर वर्ग के लोगों के बीच पहुंचने के लिए 15 समितियों का गठन किया है। इसमें दो से तीन सदस्य रखे गए हैं। इनको जिम्मा दिया गया है कि अपने तय किए गए क्षेत्र में जाएं और वहां के हर वर्ग मजदूर, रिक्शा, ठेका, खोमचे, किराना दुकान के छोटे कारोबारी से लेकर बड़े कारोबारी, वकील, सीए, डॉक्टर, इंजीनियर, युवा, विद्यार्थी, निजी और सरकारी नौकरीपेशा सहित हर वर्ग से मिलें और उनसे पूछें कि वे घोषणा पत्र में क्या चाहते हैं।
छलने वालों का भी रखेंगे ध्यान
घोषणापत्र समिति के संयोजक दुर्ग के सांसद विजय बघेल ने कहा, हम प्रदेश के हर वर्ग का ध्यान रखेंगे। हम उन वर्गों का भी विशेष ध्यान रखेंगे जिनको प्रदेश की भूपेश सरकार ने छलने और ठगने का काम किया है। इस सरकार ने वादे तो थोक में किए, लेकिन पूरे करने की बारी आई तो हाथ खड़े कर दिए। ऐसे लोगों से भी चर्चा करके उनके सुझावों को घोषणापत्र में शामिल करेंगे। घोषणा पत्र में कुछ भी शामिल करने से पहले राज्य के राजस्व का भी ध्यान रखा जाएगा। हम हवा हवाई वादे घोषणा पत्र में नहीं करेंगे। वही वादे होंगे जो पूरे किए जा सकें। घोषणा पत्र को भ्रष्टाचार मुक्त भी रखा जाएगा।
भाजपा छत्तीसगढ़ की खुशहाली का घोषणा पत्र देगी: साव
बैठक में ओम माथुर ने कहा, आप जनता के हृदय को छूने जैसे विषयों पर कार्य करें। कांग्रेस शासन में जनता ने जो कष्ट भोगा है, घोषणा पत्र बनाते समय ध्यान रखें। हमारा घोषणा पत्र हर वर्ग के उत्थान के विषय को ध्यान में रखते हुए बनाया जाना चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कहा, घोषणा पत्र से प्रदेश का कोई भी वर्ग अछूता न रहे। भाजपाध्यक्ष अरुण साव ने कहा, भाजपा छत्तीसगढ़ की खुशहाली का घोषणा पत्र देगी। उन्होंने कहा, आरंभिक रुप से हमने तय किया है कि समिति के सदस्य विधानसभा स्तर तक जाएंगे। लोगों के सुझाव लेंगे। जो छत्तीसगढ़ की क्षमता है, जो छत्तीसगढ़ की ताकत है, छत्तीसगढ़ की अपेक्षा है, जो जन आकांक्षा है, उसके अनुरूप एक अच्छा घोषणा पत्र लेकर आएंगे। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन, महामंत्री संगठन पवन साय का भी मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।



