राष्ट्रपति ने मोदी को सरकार बनाने का न्योता दिया

नई दिल्ली: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज नरेंद्र मोदी को भारत के प्रधानमंत्री के रूप में नामित किया, जिन्हें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के संसदीय दल ने अपना नेता चुना है। श्री मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से भेंट कर मनोनयन पत्र प्राप्त किया। इस अवसर पर, राष्ट्रपति ने उन्हें परंपरागत दही-चीनी भी खिलाई। इससे पहले, भाजपा और एनडीए के अन्य घटक दलों के नेताओं ने राष्ट्रपति से मिलकर श्री मोदी के पक्ष में समर्थन पत्र प्रस्तुत किया था।
श्री मोदी ने मीडिया से कहा कि राष्ट्रपति ने उन्हें प्रधानमंत्री पद के लिए मनोनीत किया।। उन्होंने 9 जून को शपथग्रहण के लिए उचित दिन बताया। शपथग्रहण समारोह की तैयारियां राष्ट्रपति भवन द्वारा की जा रही हैं, और श्री मोदी ने बताया कि वे जल्द ही मंत्रिपरिषद की सूची राष्ट्रपति को सौंप देंगे।
इस बीच, प्रधानमंत्री ने इस अवसर को भारत के सपनों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि 18वीं लोकसभा नई ऊर्जा और युवा ऊर्जा से भरपूर है, और लोगों ने एक बार फिर राजग सरकार को चुना है। हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में राजग ने 543 सदस्यीय सदन में 293 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया। श्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए के प्रदेश कार्यालयों में जश्न का माहौल है, जहां कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटी।



