सीएम बाेले- ईडी अफसरों काे पीट रही, मुर्गा बना रही, दी  कानूनी कार्रवाई की चेतावनी, भाजपा बोली- भ्रष्टाचारियों  की वकालत क्यों कर रहे  - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

सीएम बाेले- ईडी अफसरों काे पीट रही, मुर्गा बना रही, दी  कानूनी कार्रवाई की चेतावनी, भाजपा बोली- भ्रष्टाचारियों  की वकालत क्यों कर रहे 

रायपुर(realtimes) ईडी का कार्रवाई पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आधा दर्जन ट्वीट करके सवाल खड़े किए हैं। इसी के साथ ईडी काे इस बात की चेतावनी भी दी है कि यही हाेता रहा तो कानूनी कार्रवाई के लिए मजबूर हाेंगे। मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा है, अफसरों और काराेबारियाें काे मुर्गा बनाया जा रहा है। कई की हड्डियां टूटी हैं, कई काे सुनाई नहीं दे रहा है। इस पर भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा है, भ्रष्टाचारियों की वकालत क्यों कर रहे हैं। 

मुख्यमंत्री भूपेश ने कहा, लगातार इस बात की शिकायत मिल रही है कि ईडी किस तरह से लाेगाें काे प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए केंद्रीय एजेंसियों को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा, विधिक ढंग से जांच में हमारा पूर्ण सहयोग रहेगा। लेकिन ऐसी शिकायतें हमें आगे भी प्राप्त होंगी, तो राज्य की पुलिस विधिक रूप से कार्रवाई हेतु विवश होगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीटर में लिखा, केंद्रीय एजेंसियां देश के नागरिकों की ताकत होती हैं। यदि इन ताकतों से नागरिक डरने लगे तो निश्चित ही यह नकारात्मक शक्ति देश को कमजोर करती है। ईडी और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियां भ्रष्टाचार करने वालों पर कानूनी कार्रवाई करें, हम इसका स्वागत करते हैं। लेकिन जिस प्रकार से ईडी और इनकम टैक्स के अधिकारियों द्वारा लोगों से पूछताछ के दौरान गैर कानूनी कृत्य सामने आ रहे हैं, वो बिल्कुल भी स्वीकार करने योग्य नहीं हैं।

लोगों को वहीं समन देकर जबरन घर से उठाना। उनको मुर्गा बनाना, मार-पीट कर दवाब डालकर मन चाहा बयान दिलवाने को बाध्य करना। आजीवन जेल में सड़ने की धमकी देना। बिना खाना-पानी के देर रात तक रोक कर रखना जैसे गंभीर शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। वे स्थानीय पुलिस को सूचना दिए बिना सीआरपीएफ को साथ लेकर छापा मारी कर रहे हैं। अधिकारियों से शिकायत प्राप्त हुई है, कुछ लोगों को रॉड से पीट रहे हैं, किसी का पैर टूटा है तो किसी को सुनाई देना बंद हो गया है। इन घटनाओं से प्रदेश की जनता बहुत गुस्से में है। राजनीतिक षड्यंत्र की पूर्ति के उद्देश्य से झूठे प्रकरण बनाने का खेल प्रतीत हो रहा है। 

कानून को अपना काम करने से क्यों रोक रहे हैं सौरभ सिंह 

भारतीय जनता पार्टी के रायपुर संभाग प्रभारी व विधायक सौरभ सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ईडी संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री भ्रष्टाचारियों के वकील बनकर ईडी को न धमकाएं। आखिर क्या वजह है कि वे कानून को अपना काम करने से रोक रहे हैं। भ्रष्टाचार करने वाले अफसरों और चुनिंदा कारोबारियों के यहां छापे में बेहिसाब संपत्ति और भ्रष्टाचार के प्रमाण मिल रहे हैं तो ईडी की कार्रवाई से भूपेश बघेल को दिक्कत क्यों हो रही है?

सौरभ सिंह ने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस कम्पनी के मालिकों से पूछताछ के विरोध में रायपुर से लेकर दिल्ली तक ड्रामेबाजी करते हैं। दूसरी तरफ वे चिटफंड और नान मामले की ईडी जांच के लिए अनुरोध करते हैं। चिट्ठी लिखते हैं। तीसरी तरफ वे नान घोटाले के आरोपी अफसरों के बचाव में नामी वकील लगाते हैं। उनकी पुलिस चिटफंड घोटाले की जांच तक नहीं कर पाई और चौथी तरफ वे भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करने वाली ईडी को धमकी दे रहे हैं। उन्हें अपने पद की मर्यादा का जरा सा भी ख्याल नहीं है। 

Related Articles

Back to top button