साय कैबिनेट की बैठक में हुए ये अहम फैसले

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज मंत्रालय महानदी भवन में कैबिनेट की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य के विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट होगी प्रस्तुत:
मंत्रिपरिषद ने चतुर्थ राज्य वित्त आयोग की अनुशंसाओं पर शासन की एक्शन टेकन रिपोर्ट को विधानसभा के पटल पर रखने का निर्णय लिया है। इससे वित्तीय पारदर्शिता और प्रभावशीलता को बढ़ावा मिलेगा।
फिल्म “द साबरमती रिपोर्ट” हुई टैक्स फ्री:
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने फिल्म “द साबरमती रिपोर्ट” को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री घोषित किया। इसके तहत फिल्म के प्रदर्शन पर देय राज्य माल और सेवा कर (एसजीएसटी) की समतुल्य धनराशि की प्रतिपूर्ति की जाएगी। यह निर्णय फिल्म निर्माण और सामाजिक संदेश को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से लिया गया है।
धान और चावल परिवहन दरों की स्वीकृति:
खरीफ विपणन वर्ष 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के विकेन्द्रीकृत उपार्जन योजना के तहत धान और चावल परिवहन की दरों को राज्य स्तरीय समिति की अनुशंसा के अनुसार स्वीकृति प्रदान की गई है।
राईस मिलों को प्रोत्साहन राशि:
खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में राईस मिलों को लंबित प्रोत्साहन राशि की द्वितीय किश्त जारी करने का भी निर्णय लिया गया। यह कदम राईस मिल संचालकों को राहत देने और उनकी कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए लिया गया है।



