सरकारी दुकानों में मिलने लगी ब्रांडेड शराब, पर सप्लाई का सिस्टम आधा अधूरा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

सरकारी दुकानों में मिलने लगी ब्रांडेड शराब, पर सप्लाई का सिस्टम आधा अधूरा

रियल टाइम्स की खबर का असर

रायपुर(realtimes) राजधानी रायपुर के साथ प्रदेश भर की सरकारी शराब दुकानों में अब ब्रांडेड शराब मिलने लगी है, लेकिन  सप्लाई का सिस्टम आधा अधूरा होने के कारण हर दुकान में हर ब्रांड अब भी नहीं मिल रहा है। सप्लाई के सिस्टम में भारी मनमर्जी चल रही है। किसी दुकानों को कोई तो किसी दुकान को कोई ब्रांड दिया जा रहा है। इसके विपरीत कोचियों के पास आज भी हर ब्रांड की शराब आसानी से मिल जा रही है, लेकिन ये पैसे ज्यादा ले रहे हैं। कोचियों पर एक्शन भी नहीं लिया जा रहा है। उल्लेखनीय है रियल टाइम्स में 6 जून काे खबर के प्रकाशन के बाद आबकारी विभाग जागा है और कुछ ब्रांडेड शराब की सप्लाई शुरू की गई है।
शराब दुकानों में मार्च के अंत के बाद से ही ब्रांडेड शराब गायब हो गई है। पहले कहा गया नया रेट कांट्रैक्ट होने पर सप्लाई सामान्य हो जाएगी। लेकिन नया रेट कांट्रैक्ट होने से पहले ही ईडी के छापों से हड़कंप मच गया। ईडी ने कई लोगों को गिरफ्तार किया तो ब्रांडेड शराब पूरी तरह से गायब हो गई। वैसे बेवरेज कारपोरेशन के पास सभी ब्रांड हैं, लेकिन इनकी सप्लाई सभी दुकानों में नहीं हो रही है। जानकारों का कहना है, कार्पोरेशन को भी हर ब्रांड की सप्लाई उतनी नहीं हो रही है जितनी पहले होती थी, यही वजह है कि सभी दुकानों तक हर ब्रांड की पहुंच नहीं है।
ये ब्रांड आए, पर सभी दुकानों में नहीं
राजधानी रायपुर की दुकानों में रॉयल स्टैग, एसी ब्लैक, रॉयल चैलेंज, रॉयल पैशन, नंबर वन, ब्लेंडर प्राइड, आफ्टर डार्क सहित मिडिल रेंज के ब्रांड मिलने लगे हैं। लेकिन ये ब्रांड हर दुकान में नहीं है। कुछ दुकानों में रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज हैं पर ज्यादातर दुकानों में ये ब्रांड नहीं हैं और एसी ब्लैक, रॉयल पैशन और नंबर वन हैं। ज्यादातर दुकानों में मिडिल रेंज में ऐसे-ऐसे ब्रांड हैं जिनका नाम तक लोग नहीं जानते हैं, पिस्टल, डिस्कवरी, ब्लैक एंड ब्लू, 8 पीएम और न जाने कितने नामों की शराब है। बियर के भी बड़े ब्रांड हर दुकान में नहीं हैं। जैसे पचपेड़ी नाका की प्रीमियम शॉप में बियर में हायवर्ड्स 5000 मिल रही है। लेकिन लाखेनगर सहित शहर की कई दुकानों में हायवर्ड्स 5000 बियर नहीं है। लोकल सिम्बा बियर हर दुकान में मिल रही है।
कोचियों के पास हर ब्रांड
एक तरफ जहां सरकारी शराब दुकानों में हर ब्रांड नहीं है, वहीं कोचियों के पास हर ब्रांड उपलब्ध है, इसी के साथ बियर बार में भी ज्यादातर ब्रांड मिल रहे हैं। लेकिन चाहे कोचिए से ले या फिर बियर बार से कीमत ज्यादा लग रही है। जानकारों का साफ कहना है, प्रदेश के हर जिले में दूसरे राज्यों की अवैध शराब बिक रही है। अवैध शराब बेचने वालों को पकड़ा भी नहीं जा रहा है।
नया रेट कांट्रैक्ट होने की संभावना
अब तक आबकारी विभाग में आयुक्त के न होने के कारण नया रेट कांट्रैक्ट भी नहीं हो रहा था, लेकिन अब राज्य सरकार ने नया आबकारी आयुक्त नियुक्त कर दिया है। अब संभावना जताई जा रही है कि इस माह के अंत तक नया रेट कांट्रैक्ट हो जाएगा और फिर सप्लाई पहले जैसे होने लगेगी।

Related Articles

Back to top button