5053 पन्नों की चार्जशीट में बड़ा खुलासा, केतन की हत्या से पहले क्या-क्या सर्च हुआ?

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस ने 5,053 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में पुलिस ने दावा किया है कि हत्या की कथित योजना में सोशल मीडिया, गूगल सर्च और इंटरनेट से जुटाई गई जानकारी का इस्तेमाल किया गया। पुलिस के मुताबिक, 18 जून को लोहागढ़ पर केतन को धक्का दिया गया था। मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी समेत आरोपियों के खिलाफ डिजिटल और अन्य सबूत जुटाए गए हैं। चार्जशीट में मोबाइल डेटा, चैट, कॉल रिकॉर्ड, तस्वीरें और गवाहों के बयान शामिल हैं।
गूगल पर सर्च की गई कई चीजें
चार्जशीट के मुताबिक, सिया गोयल ने गूगल पर “सोनम केस” सर्च किया था। इसके अलावा लोहागढ़ और ट्रेकिंग हादसों से जुड़ी जानकारी भी खोजी गई।
पुलिस के अनुसार, इंटरनेट पर “Death Cap Mushroom India”, “Who Hit Preeti Singh”, “Who kill Family by Mushroom” और दूसरे शब्दों से भी सर्च किए गए। चार्जशीट में कहा गया है कि मशरूम के जरिए हत्या की संभावना को लेकर भी जानकारी जुटाई गई थी।
आईफोन की कॉल हिस्ट्री और डेटा मिटाने की जानकारी भी खोजी
चार्जशीट में आईफोन की कॉल हिस्ट्री हटाने और गूगल अकाउंट से जुड़ी जानकारी मिटाने से संबंधित सर्च का भी उल्लेख है।
पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए थे। जांच के दौरान डिलीट किए गए चैट और डिजिटल डेटा को फोरेंसिक प्रक्रिया के जरिए हासिल किया गया।
फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट से केतन को लोहागढ़ बुलाने का आरोप
चार्जशीट में एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट का भी जिक्र है। पुलिस के मुताबिक, “माही” नाम के अकाउंट से केतन के साथ चैट की गई और उसे लोहागढ़ आने के लिए तैयार किया गया।
पुलिस का आरोप है कि इसी तरीके से केतन को 18 जून को लोहागढ़ पहुंचाया गया। इसके बाद उसे चट्टान से नीचे धकेले जाने की बात चार्जशीट में कही गई है।
हत्या की योजना में पहले से तैयारी का दावा
चार्जशीट के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर हत्या की योजना बनाने के दौरान इंटरनेट और दूसरी डिजिटल सामग्री का सहारा लिया। इसमें दूसरे हत्या के मामलों की जानकारी जुटाने का भी उल्लेख है।
पुलिस ने इस मामले में मोबाइल डेटा, चैट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, तस्वीरें, CCTV फुटेज और तकनीकी विश्लेषण से जुड़े प्रमाण चार्जशीट में शामिल किए हैं।
18 जून को लोहागढ़ में क्या हुआ?
पुलिस की चार्जशीट के अनुसार, 18 जून को केतन लोहागढ़ पहुंचा था। पुलिस का आरोप है कि वहां सिया और चेतन ने उसे धक्का दिया, जिसके बाद वह गहरी खाई में गिर गया।
मामले में पुलिस ने सिया गोयल, चेतन चौधरी और रितेश हांगे को आरोपी बनाया है। तीनों के खिलाफ जांच के दौरान जुटाए गए डिजिटल और अन्य सबूत चार्जशीट में शामिल किए गए हैं।
एक प्रत्यक्षदर्शी समेत कई गवाहों के बयान
चार्जशीट में गवाहों के बयान भी शामिल किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, मामले में 80 से 85 गवाहों के बयान दर्ज किए गए हैं। इनमें घटना से जुड़े प्रत्यक्षदर्शी गवाहों का भी उल्लेख है।
केतन अग्रवाल हत्याकांड में पुलिस की यह चार्जशीट अब मामले की जांच से जुड़े डिजिटल ट्रेल, गवाहों के बयान और दूसरे सबूतों को एक साथ सामने रखती है।

