वेस्ट पेपर कांग्रेस की चार्जशीट, प्रदेश में भाजपा को बगावत से कोई नुकसान नहीं: अविनाश खन्ना

हमीरपुर: हिमाचल भाजपा के प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को आयोजित विजय संकल्प अभियान के तहत मीडिया से रू-ब-रू होते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा को बगावत का कोई असर नहीं होगा। यह एक कैडर बेस्ड पार्टी है। पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी के चुनाव चिन्ह के साथ चलेंगे। खन्ना ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता किसी भी विशेष व्यक्ति के साथ नहीं जाएगा। अगर किसी ने अनुशासन का उल्लंघन कर पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ने का कदम उठाया है तो उनके साथ पार्टी का कार्यकर्ता नहीं चलेगा। भाजपा का कार्यकर्ता अनुशासित है और बगावत का नुकसान भाजपा को नहीं होगा।
हमीरपुर पर विशेष फोकस के सवाल के जबाव पर उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि हमीरपुर जिला पर ही फोकस किया जा रहा है। खन्ना ने कहा कि प्रदेश भर में पार्टी का फोकस है और आलाकमान के नेता प्रदेश भर में जनसभाएं और रैलियां करेंगे। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता एक रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास हिमाचल में बुलाने के लिए कोई भी बड़ा नेता नहीं है। राष्ट्रीय प्रवक्ता कांग्रेस अलका लांबा का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि जिस नेत्री को हिमाचल में चुनावी ड्यूटी पर लगाया गया है उसकी खुद दिल्ली में जमानत जब्त हुई है। भाजपा के नेताओं के जनता में डिमांड है, इसलिए भाजपा के नेता प्रदेश में आ रहे हैं। कांग्रेस की चार्जशीट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश प्रभारी अविनाश राय ने कहा कि इसमें कोई दम नहीं है। उन्होंने कहा कि यह महज एक रद्दी का टुकड़ा ही है, जिसे वेस्ट पेपर ही कहा जा सकता है। कांग्रेस की तरफ से यह प्रयास किया गया है कि मीडिया में इसकी खबर बनाई जा सके।
इस अवसर पर हमीरपुर विस से भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र ठाकुर व पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी उपस्थित थे। खन्ना ने कहा कि कांग्रेस के पास दिल्ली में ही नेतृत्व नहीं बचा है, ऐसे में हिमाचल के चुनावों में चुनाव प्रचार के लिए किन बड़े नेताओं को लेकर आएगी। जनता कांग्रेस को पूरी तरह से नकार चुकी है। चुनाव प्रचार को लेकर पार्टी ने पूरे प्रदेश पर फोकस किया हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी चुनाव की कमांड यहां पर संभाली हुई है



