केंद्रीय बजट पड़ा भारी, इतिहास में पहली बार साेना 60 हजारी

रायपुर. केंद्रीय बजट अभी से सराफा बाजार पर भारी पड़ गया है। इतिहास में पहली बार देश में सोना 60 हजारी हाे गया है। यही नहीं राजधानी रायपुर के साथ प्रदेश में सोने की कीमत में 12 सौ रुपए का इजाफा हुआ है और इतिहास में पहली बार सोना 60 हजार से पार होकर जीएसटी सहित 60 हजार 700 रुपए हो गया है। चांदी की कीमत 72 हजार हो गई है। बजट में सोने के जेवरों पर आयात कर सवा चार प्रतिशत बढ़ाया गया है। इसी के साथ चांदी और चांदी के जेवरों पर भी सवा चार प्रतिशत आयात कर बढ़ा है। इसके पीछे की वजह यह है कि भारत में बनी ज्वेलरी का ज्यादा कारोबार हो और इसका निर्यात दूसरे देशों में हो सके।
ऑल इंडिया जूलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के अशोक कुमार वर्मा के मुताबिक, बजट वाले दिन ही रात सोने की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में 1.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हाे गई। इससे देश में सोने की कीमत 60 हजार हो गई है। इसके पहले सोने की कीमत कभी इतनी नहीं रही है। अलग-अलग शहरों और राज्यों में कीमत में अंतर भी है। रायपुर के सराफा कारोबारी हरख मालू के मुताबिक रायपुर में सोने की कीमत गुरुवार को सुबह 60 हजार पांच सौ रुपए थी, जो शाम को 60 हजार सात सौ रुपए हो गई।
अमेरिका में ब्याज दर बढ़ने का असर
जानकारों के मुताबिक अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि की है। महंगाई को काबू में रखने के लिए अमेरिका में ब्याज दर बढ़ी है। आज रात और कल शाम को अमेरिका में एक और डेटा आने वाला है। इसका असर भी सोने के भाव पर पड़ेगा। विशेषज्ञ मानते हैं कि अगले 3-4 दिनों में भारतीय रिजर्व बैंक भी ब्याज दर बढ़ा सकता है। तब सोने की कीमत और भी बढ़ सकती हैं। बिहार के विशेषज्ञ पंकज अरोड़ा ने बताया, 2022 में दीपावली के आसपास सोने का भाव 51 से 52 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम के आसपास था। यानी दीपावली पर जिन लोगों ने सोने में निवेश किया या सोने के जेवर खरीदे, उनका निवेश फायदे में रहा है।
कीमत जाएगी 65 हजार
सराफा कारोबारियों के मुताबिक एक फरवरी को संसद में पेश हुए वित्तीय वर्ष 2023-24 के आम बजट का असर चांदी पर पड़ा है। गोल्ड बार पर कस्टम ड्यूटी ओर सेस पहले की तरह ही 15 प्रतिशत है, परंतु चांदी में आयात शुल्क 10.75 प्रतिशत से बढ़कर 15 प्रतिशत हो जाएगा। चांदी का भाव अभी ऑल टाइम रिकॉर्ड से कम है। अभी जीएसटी लगाकर चांदी का रेट 72 हजार रुपए किलो है, जो कोरोना काल के बाद 78 हजार रुपए तक चला गया था। जानकारों का कहना है इस साल सोने की कीमत 62 से 65 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 90 हजार रुपए किलो तक पहुंच सकता है।



