लूट व जानलेवा हमलों के मामले में बड़ा खुलासा, इलाजरत आरोपित गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले में लूट एवं जानलेवा हमलों की श्रृंखलाबद्ध घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपित जांजगीर-चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए इलाजरत आरोपित शनिराम गोड को आज गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपित शनिराम गोड उम्र 21 वर्ष, निवासी राहौद थाना शिवरीनारायण, अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 27 एवं 29 जनवरी 2026 की रात थाना शिवरीनारायण तथा थाना पामगढ़ क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर मोटरसाइकिल सवार राहगीरों को निशाना बनाता था।
आरोपित एवं उसके साथियों द्वारा राह चलते लोगों को रोककर उनके साथ गाली-गलौच, मारपीट तथा जान से मारने की नीयत से हमला किया गया और मोबाइल फोन व नकदी लूटकर फरार हो जाते थे। इन घटनाओं में कुल 14 लोगों पर हमला किया गया, जिनमें से कई पीड़ितों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस द्वारा लगातार की जा रही जांच और पतासाजी के दौरान आरोपित के इलाजरत होने की जानकारी मिलने पर विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित के विरुद्ध थाना शिवरीनारायण एवं थाना पामगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपित के अन्य साथियों की तलाश भी लगातार जारी है।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव थाना प्रभारी शिवरीनारायण, निरीक्षक सावन सारथी थाना प्रभारी पामगढ़, उप निरीक्षक सत्यम चौहान प्रभारी पुलिस सहायता केंद्र राहौद, सहायक उप निरीक्षक आर.पी. बघेल, आरक्षक संतोष बंजारे, सरोज पाटले, राघवेंद्र घृतलहरे, दिनेश चौहान, यशवंत पाटले सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।



