रायपुर-बिलासपुर हाइवे में हिट-एंड-रन हादसा, 3 लोगों की मौके पर ही मौत

रायपुर। रायपुर-बिलासपुर हाइवे में आज सुबह एक भीषण हिट-एंड-रन हादसा हुआ है। जिसमें एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों समेत कई लोगों को कुचल दिया। जिससे 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।दो लोग घायल हुए हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए सिमगा सामुदायिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, हिट एंड रन का ये मामला रायपुर-बिलासपुर हाइवे में तिल्दा थाना के अंतर्गत भुमिया गांव के पास हुआ है। एक अज्ञात वाहन ने शनिवार सुबह बाइक सवार समेत कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
वाहन चालक ने बाइक सवार को कई मीटर तक घसीटा। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए ।मृतकों की पहचान घनराम यदु, लक्ष्मी शंकर यदु और देवेंद्र यादव के रूप में हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची तिल्दा पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिमगा में भर्ती करवाया है। सभी घायल और मृतक भूमिया गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं इस हादसे को अंजाम को देने के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया है। तिल्दा पुलिस की टीम ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी खोज में जुट गई है।



