भाजयुमो आज दोपहर घेरेगा पीएससी दफ्तर, भारी पुलिस बल का इंतजाम

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन ने भाजयुमो काे पीएससी दप्तर घेरने का जिम्मा दिया है। भाजपा के आंदोलन की कड़ी में भाजयुमो हाल ही घोषित पीएससी की चयन सूची को लेकर आज लोक सेवा आयोग के दफ्तर का दोपहर में 3 बजे घेराव करेगा। इस आंदोलन काे देखते हुए राज्य सरकार ने भारी पुलिस बल का इंतजाम किया है। ।
पीएससी की चयन सूची में गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद भाजपा ने इसको एक मुद्दे के रूप में लपक लिया है। अब इस मामले में भाजपा ने पीएससी दफ्तर के घेराव की योजना बनाई है। भाजयुमो के प्रदेशाध्यक्ष रवि भगत ने बताया, पीएससी दफ्तर घेरने के लिए रायपुर और दुर्ग संभाग के कार्यकर्ता एकात्म परिसर में एकत्रित होंगे। यहां से वाहनों में सभी नवा रायपुर रवाना होंगे। उसके बाद वहां पहुंचकर पीएससी दफ्तर का घेराव करेंगे।
युवा ठगा महसूस कर रहे : साव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव का कहना है, पीएससी की घोषित चयन सूची को लेकर प्रदेश के युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। पीएससी की चयन सूची को देखकर यह साफ हो गया है कि यह छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाओं के साथ सीधा-सीधा धोखा, छल, अन्याय है। श्री साव ने कहा, रात-दिन पुरुषार्थ करने वाले प्रदेश के युवा अपने उज्ज्वल भविष्य की रचना कर जीवन को संवारने के लिए परिश्रम करते हैं, उन्हें प्रदेश सरकार ने ठेंगा दिखाने का काम किया है। प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति के साथ जो छल किया है, वह बेहद शर्मनाक और चिंताजनक है। श्री साव ने कहा, इसे लेकर भाजयुमो लोक सेवा आयोग का घेराव करेगा और युवाओं के साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद करेगा। श्री साव ने कहा, चयन सूची को देखकर युवाओं में जिस प्रकार से आक्रोश पनपा है, जिस प्रकार से लोक सेवा आयोग की विश्वसनीयता पर परीक्षार्थी युवाओं ने शंका व्यक्त की है, प्रदेश सरकार को उसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा, आरोप के जवाब में आरोप लगाना ठीक नहीं है।



