मुख्यमंत्री ने वीणा साहू और आदित्य सिंह की उपलब्धियों को सराहा, कहा- छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की बेटी वीणा साहू, जो भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट नर्सिंग ऑफिसर के रूप में सेवा दे रही हैं, और बस्तर संभाग के फरसगांव के आदित्य सिंह, जो राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज में चयनित हुए हैं, दोनों के देश सेवा के जज्बे और संघर्ष को सराहा है। मुख्यमंत्री ने दोनों युवाओं की उपलब्धियों को छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गर्व का पल बताया।
वीणा साहू बालोद जिले के जमरूवा गांव के किसान चेतन साहू की बेटी हैं और उनका सपना भारतीय सेना में सेवा देने का था। उन्होंने अपनी मेहनत और समर्पण से यह सपना पूरा किया। मुख्यमंत्री ने वीणा से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी और कहा, “आपने छत्तीसगढ़ का नाम रौशन किया है। आपकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्त्रोत है।” वीणा ने कहा कि नर्सिंग ऑफिसर बनकर हम उन लोगों की सेवा कर रहे हैं, जो देश की सेवा करते हैं, और यह हमारे लिए गर्व की बात है।
दूसरी ओर, आदित्य सिंह के पिता जयप्रकाश सिंह एक जनरल स्टोर चलाते हैं और आदित्य का सपना भारतीय सेना में जाने का था। आदित्य ने अपनी मेहनत और लगन से अपने पिता का सपना पूरा किया। मुख्यमंत्री ने आदित्य के पिता से फोन पर बात कर उन्हें शुभकामनाएं दी और कहा कि “आदित्य की सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का कारण है। आदित्य की पढ़ाई के लिए हम हर संभव मदद करेंगे।”
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा, “छत्तीसगढ़ के युवा देश और प्रदेश की सेवा में सदैव तत्पर हैं।” वीणा साहू और आदित्य सिंह जैसे युवाओं की सफलता प्रदेश को गौरवान्वित करती है।



