भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में भीषण अग्निकांड, सात श्रमिकों की दर्दनाक मौत - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में भीषण अग्निकांड, सात श्रमिकों की दर्दनाक मौत

भिवाड़ी (राजस्थान)। खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक निजी औद्योगिक इकाई में अचानक भीषण आग भड़क उठी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस हादसे में करीब सात श्रमिकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के प्लॉट नंबर जी-1-118 बी में सुबह लगभग 9:22 बजे आग लगने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए रीको फायर ब्रिगेड को दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और पूरी फैक्टरी को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर काम कर रहे श्रमिकों को बाहर निकलने का पर्याप्त मौका नहीं मिल सका।

प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया है कि आग में झुलसकर छह से सात श्रमिकों की मौके पर ही मौत हो गई। राहत और बचाव टीम को अंदर से जो शव मिले, वे बुरी तरह जले हुए थे। कुछ शव इतने अधिक झुलस चुके थे कि उनकी पहचान करना भी मुश्किल हो रहा है। मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, दमकल विभाग की कई गाड़ियां, बचाव दल और मेडिकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके को सील कर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। अधिकारियों के अनुसार अभी भी दो लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मजिस्ट्रेट जांच के संकेत दिए हैं और फैक्टरी के सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद औद्योगिक क्षेत्र में कामकाज प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Back to top button