भाजपा में कौन बनेगा मुख्यमंत्री की दौड़ - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

भाजपा में कौन बनेगा मुख्यमंत्री की दौड़

रायपुर . प्रदेश में भाजपा को विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत मिलने के बाद प्रदेश में सरकार बनाने के साथ मुख्यमंत्री को लेकर कवायद प्रारंभ हो गई है। मुख्यमंत्री पद के लिए भाजपा में आधा दर्जन से ज्यादा दावेदार हैं। इनमें से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष और सांसद अरुण साव और केंद्रीय मंत्री रेणुका सिंह के नाम ज्यादा चर्चा में है। इनके पहले दिल्ली जाने की भी खबर आई, लेकिन बाद में मालूम हुआ महज अरुण साव ही लोकसभा का सत्र होने के कारण दिल्ली गए हैं। वैसे मुख्यमंत्री चयन के लिए भाजपा की दिल्ली में कल रात हुई बैठक में जरूर प्रदेशाध्यक्ष होने के नाते वे शामिल हुए हैं। 

प्रदेश में भाजपा की सरकार की वापसी के साथ ही मुख्यमंत्री को लेकर कवायद प्रारंभ हो गई है। मतगणना वाले दिन ही यहां पर प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया और सह प्रभारी नितिन नवीन आए और नए विधायकों से मुलाकात करके एक दिन पहले ही दिल्ली लौट गए हैं। दिल्ली वापस जाने से पहले प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने साफ शब्दों में कहा मुख्यमंत्री का फैसला दिल्ली में पार्लियामेंट बोर्ड की बैठक में होगी।
तीन अहम दावेदार 
मुख्यमंत्री पद के प्रदेश में आधा दर्जन से ज्यादा दावेदार हैं। इनमें से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव और केंद्रीय मंत्री और भरतपुर सोनहत से विधानसभा का चुनाव जीतने वाली रेणुका सिंह सबसे अहम है। कल दिन भर इनमें से किसी न किसी के मुख्यमंत्री बनने काे लेकर सोशल मीडिया पर खबर चलती रही, लेकिन सच्चाई इससे परे है, अब तक भाजपा ने किसी का नाम फाइनल नहीं किया है।
एक उपमुख्यमंत्री भी बनेगा
छत्तीसगढ़ में एक उपमुख्यमंत्री भी बनाने की तैयारी चल रही है। अब मुख्यमंत्री किसको बनाया जाएगा और उपमुख्यमंत्री कौन होंगे, कोई उपमुख्यमंत्री होगा भी या नहीं, यह सब भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को तय करना है। प्रदेश में इस समय महज कयासों का ही दौर चल रहा है। जब केंद्रीय नेतृत्व कोई फैसला ले लेगा तो वहां से पर्यवेक्षक भेजकर विधायक दल की बैठक की जाएगी और उनसे चर्चा करने के बाद मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जाएगा। संभव है कि उपमुख्यमंत्री का नाम का भी ऐलान किया जाए। इस सप्ताह के अंत तक नाम फाइनल होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button