भाजपा नेता बोले- नेताम का इस्तीफा, कांग्रेस के आदिवासी विरोधी होने का प्रमाण

रायपुर(realtimes) भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने कहा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरविंद नेताम का कांग्रेस से इस्तीफा, कांग्रेस के लगातार आदिवासी विरोधी होने का एक और ठोस प्रमाण है। कांग्रेस ने आदिवासियों के साथ हर स्तर पर छल-कपट किया है, उन्हें उपेक्षित और प्रताड़ित कर सतत् यह षड़यंत्र किया है कि आदिवासी न तो आर्थिक रूप से, न शैक्षणिक रूप से, न सामाजिक तौर पर और न ही राजनीतिक तौर पर आगे आएं और विकास की मुख्यधारा से जुड़ें।
भाजपा नेताओं ने कहा, जब भी मौका मिला आदिवासियों को अपमानित कर कांग्रेस ने यूज एंड थ्रो की नीति अपनाई है। कांग्रेस अध्यक्ष के पद से मोहन मरकाम की विदाई हो, मंत्रिमंडल से प्रेमसाय सिंह टेकाम को बाहर का रास्ता दिखाने का मसला हो, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष पद से फूलोदेवी नेताम को बेदखल करने का मुद्दा हो, कांग्रेस ने अपने इसी घोर आदिवासी विरोधी राजनीतिक चरित्र का परिचय दिया है। श्री साय ने कहा, कांग्रेस और उसकी प्रदेश सरकार ने अपनी कुनीतियों और कुशासन के चलते आदिवासियों को सम्मानपूर्ण जीवन जीने के लिए मोहताज कर दिया है। तीन साल की बच्ची से लेकर प्रौढ़-वृद्ध महिलाएं हैवानों की दरिंदगी की शिकार हो रही हैं। राजनीतिक कार्यकर्ता उपेक्षा के दंश झेलने के लिए विवश हो रहे हैं। आदिवासियों का हक मारकर उनके साथ अन्याय की पराकाष्ठा की जा रही है। बदतर चिकित्सा व्यवस्था के चलते हजारों बच्चों की मौत हो गई। आरक्षण और रोजगार के नाम पर केवल छल और धोखाधड़ी की जा रही है। ऐसी स्थिति में वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री नेताम का कांग्रेस से इस्तीफा देना आदिवासियों के नाम पर कांग्रेस के राजनीतिक पाखण्ड को बेनकाब करने वाला है।



