भाजपा का फिर बड़ा शक्ति प्रदर्शन, कार्यकर्ता सम्मेलन में जुटेंगे 40 हजार, नड्डा करेंगे शिरकत

रायपुर(realtimes) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के रायपुर दौरे में भाजपा ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने का फैसला किया है। इस बार के शक्ति प्रदर्शन में रायपुर में 40 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को बुलाने की तैयारी है। इसके लिए सभी जिलाें में लगातार विधानसभा वार बैठकं हाे रही हैं। इसमें विधान,भा के प्रभारी सम्मेलन में शामिल हाेने वालाें सूची तैयार कर रहे हैं। सम्मेलन में हर बूथ के अध्यक्ष और शक्ति केंद्रों के संयोजकों को बुलाया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश संगठन में बदलाव के बाद आंदोलन और कार्यक्रमों के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है। सबसे पहले रायपुर में भाजयुमो का बड़ा हल्ला बोल कार्यक्रम करके शक्ति प्रदर्शन किया गया। इसके बाद अमित शाह के दौरे में भी भीड़ जुटाने का काम किया गया। अब जबकि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का बतौर अध्यक्ष पहली बार 9 सितंबर को दौरा हो रहा है तो इस दौरे में कार्यकर्ता सम्मेलन करने का फैसला किया गया है।
40 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता आएंगे
कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा ने बड़ी संख्या जुटाने का फैसला किया है। इसके लिए सभी विधानसभाओं के प्रभारियों को जिम्मा दिया गया है। सबसे पहले बूथों पर फोकस है। प्रदेश में करीब 25 हजार बूथ हैं। ऐसे में हर बूथ अध्यक्ष को बुलाने से ही 25 हजार कार्यकर्ता हो जाएंगे। इसके बाद चार हजार शक्ति केंद्र हैं। इनके संयोजकों को बुलाया जाएगा। इसके अलावा जिलों के पदाधिकारी भी आएंगे। मोर्चा और प्रकोष्ठ के भी हर जिले और मंडल में पदाधिकारी हैं। सभी को मिलाकर यह संख्या 40 हजार के पार हो जाएगी।
बैठकें भी होंगी
कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए 9 सितंबर को 11 बजे का समय तय किया गया है। सम्मेलन दोपहर तक ही चलेगा। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष बचे समय में रात तक बैठकें लेंगे। इन बैठकों में प्रदेश के पदाधिकारियों, कोर ग्रुप, सांसद, विधायक, मोर्चा, प्रकोष्ठ की भी बैठकें संभावित हैं। अभी तय नहीं है कि किनकी-किनकी बैठक होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष तय करेंगे कि किनकी बैठकें लेनी हैं। भाजपा के जानकारों का कहना है, बतौर अध्यक्ष श्री नड्डा पहली बार आ रहे हैं तो संभावना है कि सभी की बैठकें लेंगे।



