सर्विकल कैंसर के खिलाफ 6 राज्यों में टीकाकरण जून से, 9 से 14 साल की लड़कियों के लिए शुरू होगा अभियान - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

सर्विकल कैंसर के खिलाफ 6 राज्यों में टीकाकरण जून से, 9 से 14 साल की लड़कियों के लिए शुरू होगा अभियान

नई दिल्ली
 सरकार छह राज्यों में नौ से 14 वर्ष की लड़कियों को सर्विकल कैंसर रोधी टीका लगाने का अभियान जून में शुरू कर सकती है। सूत्रों ने बताया कि टीकाकरण अभियान के पहले चरण में कर्नाटक, तमिलनाडु, मिजोरम, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में 2.55 करोड़ लड़कियों को ह्यूमन पेपिलोमा वायरस (एचपीवी) का टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

अप्रैल में टीके के लिए जारी होगी निविदा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सार्वभौमिक टीकाकरण कार्यक्रम में एचपीवी टीके को शामिल करने के लिए एक योजना बनाई है। 2026 तक टीके की 16.02 करोड़ डोज की खरीद के लिए अप्रैल में सरकार की ओर से एक वैश्विक निविदा जारी किए जाने की संभावना है।

सर्विकल कैंसर का टीका ‘सर्वावैक’ लांच
सर्विकल कैंसर के खिलाफ सीरम इंस्टीट्यूट का भारत में ही विकसित टीका ‘सर्वावैक’ पिछले महीने लांच किया गया था। सीरम में सरकार और नियामक मामलों के निदेशक प्रकाश कुमार सिंह ने इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्रालय को एक पत्र लिखा है।

हर साल 80 हजार महिलाओं को होता है सर्विकल कैंसर
सिंह ने कहा कि सीरम का टीका बाजार में 2,000 रुपये प्रति डोज के अधिकतम खुदरा मूल्य पर उपलब्ध होगा। ‘सर्वावैक’ दो डोज वाली वैक्सीन है। अनुमानों के अनुसार, भारत में हर साल लगभग 80,000 महिलाओं को सर्विकल कैंसर होता है और 35,000 महिलाओं की इससे मौत हो जाती है।

Related Articles

Back to top button