50 हजार किसानाें काे बड़ा झटका, नए कृषि पंप कनेक्शन का आवेदन अटका

इस सत्र में 30 हजार आवेदन रह जाएंगे पेंडिंग
रायपुर(realtimes) नए कृषि पंप की इस सत्र में चाह रखने वाले 50 हजार किसानाें काे बड़ा झटका लगा है। इस साल जाे लक्ष्य तय किया गया है, उसमें महज 20 हजार किसानाें काे ही कनेक्शन मिल पाएगा। बचे 30 हजार किसानाें काे अगले सत्र का इंतजार करना पड़ेगा। इस सत्र में जो आवेदन आएंगे उनकाे कम से कम दाे साल बाद ही कनेक्शन मिल पाएगा।
राज्य के इतिहास में पहली बार साल भर में करीब 37 हजार कृषि पंपों के कनेक्शन लगे हैं। इसके बाद फिर से अब पेंडिंग आवेदन 50 हजार के पार हो गए हैं। इसमें से इस साल 20 हजार आवेदनों का ही निपटारा होगा। यानी 30 हजार आवेदन पेंडिंग ही रहेंगे। इसी के साथ यह भी तय है कि इस साल फिर से 20 हजार से ज्यादा आवेदन आ जाएंगे। यानी इस साल जो आवेदन आएंगे, उसको लंबा इंतजार करना पड़ेगा, क्योंकि पहले इस साल के पेंडिंग आवेदनों का ही अगले साल निपटारा होगा। अगर प्रदेश सरकार ने पिछली बार की तरह फिर से पेंडिंग आवेदनों को निपटाने के लिए मुख्यमंत्री की पहल पर बजट दे दिया तो संभव है, इस साल भी रिकाॅर्ड आवेदनों का निपटारा हो जाए।
मुख्यमंत्री की पहल से मिले रिकाॅर्ड कनेक्शन
प्रदेश के किसानाें के लिए पिछले साल से पहले तक कृषि पंप कनेक्शन दूर की काैड़ी थे, लेकिन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस राह को पिछले साल आसान कर दिया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर प्रदेश में कृषि पंपों के पेंडिंग 35 हजार से ज्यादा आवेदनों का निपटारा करने में जब कंपनी जुटी तो पहली बार साल भर में ही रिकाॅर्ड 36 हजार 730 कनेक्शन दिए गए। इसके पहले कभी इतने ज्यादा कनेक्शन एक साल में नहीं दिए गए। इतिहास में पहली बार कंपनी ने पिछले साल जून में ही 12 हजार कनेक्शन देने में सफलता प्राप्त की। इसके बाद दूसरे माह छह हजार और कनेक्शन दिए गए। दो माह में रिकार्डतोड़ 18 हजार 340 कनेक्शन दिए गए। इसके बाद मानसून के साथ फसल का समय आने पर कनेक्शनों का काम बंद हो गया, लेकिन इधर जैसे ही फसल की कटाई के बाद खेत खाली हुए तो फिर से कनेक्शन देने का काम प्रारंभ किया गया। दो माह में करीब और 12 हजार कनेक्शन देकर पेंडिंग आवेदनों में से 30 हजार का निपटारा कर दिया गया। फरवरी और मार्च में बचे पेंडिंग आवेदनों का पूरा निपटारा करके लक्ष्य पूरा किया गया।
पेंडिंग आवेदनों के लिए पांच सौ करोड़ की दरकार
प्रदेश सरकार ने विधानसभा में जो जानकारी दी है, उसके मुताबिक इस समय प्रदेश में 50 हजार 250 कृषि पंपों के आवेदन पेंडिंग हैं। इनमें से इस साल 20 हजार कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें से अब तक करीब दो हजार कनेक्शन दिए जा चुके हैं। बचे 18 हजार आवेदनों का निपटारा अगले साल मार्च तक करना है। पॉवर कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक एक कृषि पंप कनेक्शन पर करीब एक लाख का खर्च आता है। अगर प्रदेश सरकार सारे पेंडिंग आवेदनों का निपटारा करने का मन बनाती है तो इसके लिए पांच सौ करोड़ की दरकार होगी। आमतौर पर हर साल कृषि पंपों के लिए 150 से 200 करोड़ तक का बजट मिल पाता है। इसमें 15 से 20 हजार कनेक्शन ही लग पाते हैं।



