दाे अलग-अलग कुएं से मिले अज्ञात महिला व बच्चे का शव - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

दाे अलग-अलग कुएं से मिले अज्ञात महिला व बच्चे का शव

दुर्ग। जिले के पाटन ब्लॉक स्थित खम्हरिया गांव में रविवार काे दो अलग-अलग कुओं से एक महिला और बच्चे का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। मामला अमलेश्वर थाना क्षेत्र का है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी विजय अग्रवाल, एएसपी सुखनंदन राठौर, एसडीओपी अनूप लकड़ा, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। दोनों शवों को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों के अनुसार, रविवार सुबह एक किसान अपने कूलर में पानी भरने के लिए बाल्टी से कुएं से पानी निकाल रहा था। इस दौरान तेज दुर्गंध आने पर उसने कुएं में झांककर देखा, जहां उसे शव नजर आया। इसकी सूचना अमलेश्वर थाना को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुएं से शव को बाहर निकलवाया। इसके बाद घटनास्थल से करीब 20 मीटर दूर दूसरे कुएं की जांच की गई। वहां से एक शव बरामद हुआ।

अमलेश्वर थाना पुलिस के अनुसार खम्हरिया निवासी भगवान दास की बाड़ी स्थित कुएं से 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। शव साड़ी और चुनरी में लपेटकर, पत्थर व मिट्टी से बांधकर कुएं में फेंका गया था। वहीं राधेश्याम गायकवाड़ की बाड़ी स्थित कुएं से 10 वर्षीय अज्ञात बच्चे का शव मिला। दोनों शवों की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह करीब चार दिन पुराने हो सकते हैं। शवों के हाथ-पैर बंधे हुए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। वहीं पुलिस आसपास के इलाकों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपिताें की तलाश शुरू कर दी गई है।

 

Related Articles

Back to top button