मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

साय सरकार के शपथ ग्रहण में मोदी सहित देश के बड़े नेताओं का रहेगा जमावड़ा

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दोपहर बाद  साइंस कॉलेज के मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसी के साय सरकार का मंत्रिमंडल भी शपथ लेगा। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्रियों के साथ उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पांच अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव शपथ लेने के बाद भोपाल से उड़ान भरकर यहां पर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचेंगे।

प्रदेश में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनी है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने आदिवासी नेता विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री की कमान सौंपी है। अब यहां पर शपथ ग्रहण समारोह साइंस कॉलेज मैदान में आज आयोजित किया गया है। इसकी तैयारी कल देर रात तक चलती रही। समारोह स्थल पर जिला प्रशासन के सारे अधिकारी और भाजपा नेता रात तक डटे रहे।
मोदी के साथ देश के ये दिग्गज नेता आएंगे 
समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, मनसुख मंडाविया, केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास अठावले, बिसेश्वर तुडू, के अलावा मुख्यमंत्रियों में उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा शर्मा, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और मप्र के मुख्यमंत्री मोहन यादव और उप्र के राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड शामिल हैं। सभी वीआईपी विशेष विमान से रायपुर पहुंचेंगे। इसी के साथ भाजपा के प्रदेश ओम माथुर, सह प्रभारी नितिन नवीन भी समारोह में शामिल होंगे। ये मंगलवार की शाम को पहले ही पहुंच चुके हैं।
माथुर, नितिन ने समारोह स्थल का लिया जायजा
भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर और सह प्रभारी नितिन नवीन कल यहां पहुंचे। यहां आने के बाद भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव, बृजमोहन अग्रवाल, विजय शर्मा, राजेश मूणत भूपेंद्र सव्वनी, संजय श्रीवास्तव सौरभ सिंह व भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने शपथ ग्रहण स्थल साइंस कॉलेज मैदान जाकर तैयारियों का जायजा लिया।
50 हजार से लोग होंगे शामिल
शपथ ग्रहण समारोह के लिए तीन विशाल मंच बनाए गए हैं। इसमें बीच के मंच में शपथ ग्रहण होगा तथा एक ओर अतिविशिष्ट आमंत्रित व्यक्तियों तथा दूसरी ओर नवनिर्वाचित विधायकों के लिए मंच बनाया गया है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल में विशिष्ट अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और आमजनों के बैठने के लिए अलग-अलग सेक्टर बनाए गए हैं। ज्यादा से ज्यादा लोग शपथ ग्रहण को देख सके इसके लिए एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई है। मैदान में 50 हजार से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था हेतु लगभग 1000 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
साय ने भूपेश को फोन करके दिया न्योता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को फोन कर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज को बुधवार को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इसके साथ ही राज्य शासन द्वारा सभी राजनीतिक पदाधिकारियों, विशिष्टजनों को आमंत्रित किया गया है।

Related Articles

Back to top button