ठाकुरगंज अस्पताल की इमरजेंसी में ऑक्सीजन सिलिंडर वाल्व फटा

लखनऊ। ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी में लगे ऑक्सीजन सिलेंडर में गैस का रिसाव हो गया। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। सिलेंडर में लगा वॉल्व धमाके संग फट गया। मौके पर पहुंची टीम ने आनन फानन में वाल्व को ठीक किया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक चिकित्सकीय सेवाएं बाधित रही। अफसरों का कहना है वॉल्व से गैस का रिसाव हुआ था। जिसे टीम ने तुरंत ठीक कर लिया।
ठाकुरगंज संयुक्त चिकित्सालय की इमरजेंसी 10 बेड की है। यहां पर टीबी मरीजों संग सामान्य मरीज भर्ती होते हैं। मंगलवार को इमरजेंसी में करीब आठ मरीज संग डॉक्टर व स्टॉफ की टीम मौजूद थी। दोपहर करीब पौने दो बजे एक ऑक्सीजन सिलेंडर में गैस का रिसाव तेजी से होने लगा। रिसाव होने से सिलेंडर का वॉल्व तेज धमाके संग फट गया। इससे वहां पर हड़कंप मच गया। तीमारदार अपने-अपने मरीज को बाहर निकाल लाए। घटना की सूचना मिलने पर टेक्नीकल टीम ने माैके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। आनन फानन में सिलेंडर को इमरजेंसी से बाहर लाकर उसके दूसरा वॉल्व लगाकर रिसाव बंद किया गया। इस दौरान करीब आधे घंटे तक इमरजेंसी में अफरातफरी का महौल बना रहा। डॉक्टर-स्टॉफ संग मरीज व तीमारदार सहम गए थे। सीएमएस डॉ.एसपी सिंह ने बताया सिलेंडर का वॉल्व फट गया था। किसी तरह की अनहोनी न हुई। टीम ने तत्काल ऑक्सीजन का रिसाव बंद कर दिया। मरीज,तीमारदार और मेडिकल स्टॉफ सभी सुरक्षित हैं।



