अयोध्या के राम मंदिर परिसर में चली गोली, सुरक्षा में तैनात PAC जवान घायल - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

अयोध्या के राम मंदिर परिसर में चली गोली, सुरक्षा में तैनात PAC जवान घायल

श्रीराम मंदिर परिसर के हाई सिक्योरिटी जोन में अचानक गोली चलने की आवाज से परिसर में हलचल मच गई। श्रद्धालु भी इससे भयभीत हो गए।

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राम मंदिर परिसर में गोली चलने की घटना सामने आई है। मंगलवार को रामजन्मभूमि परिसर में तैनात प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) के एक जवान को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगी है। सीने में गोली लगने से घायल जवान को इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

गोली चलने की सूचना मिलते ही आईजी अयोध्या रेंज प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह अभी तक स्पष्ट नहीं है कि पीड़ित पर किसी और ने गोली चलाई थी या उसे उसकी ही बंदूक से गोली लगी थी। घटना के समय वह राम जन्मभूमि परिसर में स्थित चौकी के ऊपर मौजूद थे। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

मूलरूप से अमेठी जिले के रहने वाले रामप्रसाद (53) पीएसी की 32वीं बटालियन के प्लाटून कमांडर के पद पर इन दिनों श्रीराम मंदिर परिसर की सुरक्षा में तैनात हैं। मंगलवार की शाम लगभग 05:45 बजे वह अन्य जवानों के साथ परिसर में स्थापित चौकी पर सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभाले थे कि इस बीच अचानक फायरिंग हुई।

बताया जा रहा है कि असलहा साफ करते समय उनके ही एके-47 से अचानक गोली चल गई। गोली सीधे उनके बायीं तरफ सीने में लगी और आरपार हो गई। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल होकर वह वहीं गिर पड़े। साथ में तैनात अन्य जवानों ने उच्चाधिकारियों को सूचित करके उन्हें राजकीय श्रीराम अस्पताल पहुंचाया।

श्रीराम मंदिर परिसर के हाई सिक्योरिटी जोन में अचानक गोली चलने की आवाज से परिसर में हलचल मच गई। श्रद्धालु भी इससे भयभीत हो गए। हालांकि, अन्य जवानों ने सक्रियता दिखाकर उन्हें समझा-बुझाकर मामले से अवगत कराया, अन्यथा भगदड़ भी मच सकती थी।

Related Articles

Back to top button