गेवरा एरिया कोयला खदान का एसईसीएल के सीएमडी ने किया औचक निरीक्षण - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

गेवरा एरिया कोयला खदान का एसईसीएल के सीएमडी ने किया औचक निरीक्षण

कोरबा। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल ) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहान ने आज रविवार तड़के गेवरा एरिया कोयला खदान का औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब 5:30 बजे किए गए इस निरीक्षण का उद्देश्य खदान में चल रहे कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना तथा उत्पादन, योजना और सुरक्षा मानकों की समीक्षा करना था।

निरीक्षण के दौरान सीएमडी के साथ गेवरा एरिया के महाप्रबंधक ए.के. त्यागी सहित खदान के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सीएमडी ने खदान के विभिन्न कार्यस्थलों का दौरा कर ओवरबर्डन रिमूवल, कोयला उत्पादन, मशीनरी की उपलब्धता और कार्यबल की तैनाती से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने दैनिक उत्पादन लक्ष्य, आगामी कार्ययोजना और लॉजिस्टिक्स प्रबंधन पर भी विस्तार से चर्चा की।

सीएमडी हरीश दुहान ने अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ 100 प्रतिशत सुरक्षा नियमों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति से ही सतत उत्पादन संभव है और किसी भी स्तर पर सुरक्षा से समझौता स्वीकार्य नहीं होगा। इस अवसर पर उन्होंने सेफ्टी ऑडिट, पीपीई के उपयोग, ट्रैफिक मैनेजमेंट और मशीन ऑपरेशन से जुड़े मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने खदान में कार्यरत ठेका कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी संवाद किया और फील्ड टीमों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कर्मचारियों की मेहनत की सराहना करते हुए खदान में अपनाई जा रही नई और नवाचारी पहलों की प्रशंसा की। साथ ही, कार्य प्रक्रियाओं में और अधिक दक्षता लाने के लिए सुझाव भी दिए।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उत्पादन लक्ष्य समयबद्ध तरीके से प्राप्त किए जाएं, मशीनों का मेंटेनेंस सुदृढ़ रखा जाए और पर्यावरणीय मानकों का भी पूरी निष्ठा से पालन हो। सीएमडी के इस औचक निरीक्षण से खदान प्रबंधन और कर्मचारियों में सकारात्मक संदेश गया है तथा कार्यस्थल पर अनुशासन और सतर्कता और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button