मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

गुजरात के नंद घरों में पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े: आंगनबाड़ी में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और पढ़ाई की व्यवस्था देखी

रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर के ग्राम करई स्थित नंद घरों का निरीक्षण किया।

उन्होंने यहां आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से मुलाकात कर दोनों राज्यों की विभागीय योजनाओं और आंगनबाड़ी सेवाओं पर चर्चा की।

बच्चों के सीखने के माहौल का लिया जायजा

गांधीनगर यूनिट-2 के ग्राम करई में नंद घरों के निरीक्षण के दौरान मंत्री राजवाड़े ने वहां बच्चों को मिलने वाली सुविधाओं और केंद्रों की कार्यप्रणाली को समझा। उन्होंने पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और शुरुआती शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।

नंद घरों में बच्चों के लिए उपलब्ध सीखने के वातावरण और माताओं को मिलने वाली सहायता से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी देखा। इन केंद्रों में अपनाए जा रहे तरीकों और सुविधाओं का अनुभव छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने के लिहाज से उपयोगी हो सकता है।

गुजरात की मंत्री से योजनाओं पर चर्चा

गांधीनगर स्थित सचिवालय में लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य मुलाकात की।

इस दौरान महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और उनके क्रियान्वयन पर चर्चा हुई। गुजरात में संचालित योजनाओं की कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी ली गई।

मुलाकात में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात के विभागीय सचिव राकेश शंकर और छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं। दोनों राज्यों के अधिकारियों ने योजनाओं के अनुभव साझा किए।

Related Articles

Back to top button