मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
national

संविधान दिवस पर PM मोदी का कांग्रेस पर हमला, इमरजेंसी से लेकर OBC आरक्षण तक उठाए सवाल; युवाओं को दी ये सलाह

PM Modi Constitution Day Article : नई दिल्ली। संविधान दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशेष लेख के जरिए संविधान की ताकत, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश के भविष्य को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने संविधान को महज कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक न्याय की मजबूत नींव बताया। साथ ही युवाओं से संविधान के अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों को भी समझने की अपील की। अपने लेख में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी तीखे सवाल उठाए। उन्होंने पहले संविधान संशोधन, आपातकाल और अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने कई बार संवैधानिक मर्यादाओं को कमजोर किया।

प्रधानमंत्री ने डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को याद करते हुए कहा कि संविधान ने देश के हर नागरिक को आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने अपने जीवन का उदाहरण देते हुए लिखा कि सामान्य परिवार में जन्म लेने वाला व्यक्ति भी संविधान की व्यवस्था के कारण देश के प्रधानमंत्री पद तक पहुंच सकता है।

संविधान सिर्फ कानून की किताब नहीं, सामाजिक बदलाव का दस्तावेज

पीएम मोदी ने अपने लेख में संविधान को सामाजिक और आर्थिक न्याय का आधार बताया। उन्होंने संविधान विशेषज्ञ ग्रानविले ऑस्टिन के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय संविधान सबसे पहले एक सामाजिक दस्तावेज है। इसकी मूल भावना हर नागरिक को समान अवसर और सम्मानजनक जीवन देने की है।

प्रधानमंत्री के मुताबिक, व्यक्ति का जन्म किस परिवार में हुआ या उसकी आर्थिक स्थिति कैसी है, यह उसके भविष्य की सीमा तय नहीं कर सकता। संविधान ने हर नागरिक को अपनी क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का अधिकार दिया है।

गरीबी से बाहर आए 50 करोड़ भारतीयों का किया जिक्र

प्रधानमंत्री ने अपने लेख में विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि करीब 50 करोड़ भारतीय गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के जरिए गरीब परिवारों के जीवन में बदलाव आया है।

पीएम आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इनका उद्देश्य लोगों को सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और बेहतर अवसर देना है। उनके मुताबिक, जब किसी गरीब परिवार को पक्का मकान मिलता है या इलाज की सुविधा उपलब्ध होती है, तब संविधान में किए गए सम्मान और न्याय के वादे को जमीन पर उतारने में मदद मिलती है।

पहले संविधान संशोधन और इमरजेंसी को लेकर कांग्रेस पर निशाना

पीएम मोदी ने अपने लेख में कांग्रेस के शासनकाल में हुए संवैधानिक बदलावों पर सवाल उठाए। उन्होंने 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन का जिक्र करते हुए कहा कि तत्कालीन सरकार ने पहले आम चुनाव से पहले ही संविधान में बदलाव किया और नागरिकों की बुनियादी स्वतंत्रताओं पर अंकुश लगाने का रास्ता अपनाया।

PM Modi Constitution Day Article
PM Modi Constitution Day Article

उन्होंने आपातकाल के दौरान हुए 42वें संविधान संशोधन का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि इस संशोधन से न्यायिक समीक्षा की शक्ति प्रभावित हुई और संवैधानिक संस्थाओं के बीच संतुलन कमजोर हुआ।

युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधन पढ़ने की अपील

प्रधानमंत्री ने युवाओं से खास तौर पर 38वें और 39वें संविधान संशोधनों को पढ़ने की अपील की। उनका कहना है कि इससे उन्हें समझने में मदद मिलेगी कि सत्ता का दुरुपयोग किस तरह संवैधानिक व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है।

उन्होंने अनुच्छेद 356 का भी उल्लेख किया और आरोप लगाया कि कांग्रेस ने चुनी हुई राज्य सरकारों को हटाने के लिए इस प्रावधान का बार-बार इस्तेमाल किया। पीएम मोदी ने कहा कि एक राजनीतिक दल के नाम अनुच्छेद 356 के लगभग 100 बार इस्तेमाल का रिकॉर्ड है।

अनुच्छेद 370 और 35A का भी किया जिक्र

पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 और 35A के लंबे समय तक लागू रहने का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इसकी वजह से वहां लंबे समय तक भारतीय संविधान के सभी प्रावधान पूरी तरह लागू नहीं हो सके। उनके अनुसार, इससे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के अधिकार प्रभावित हुए।

प्रधानमंत्री ने नक्सलवाद का जिक्र करते हुए कहा कि हिंसा के कारण आदिवासी और गरीब समुदाय लंबे समय तक अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल नहीं कर पाए। उन्होंने दावा किया कि नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को अब अपने अधिकारों का इस्तेमाल करने का अवसर मिल रहा है।

OBC आरक्षण और मुस्लिम आरक्षण को लेकर विपक्ष पर आरोप

प्रधानमंत्री ने अपने लेख में विपक्ष पर आरक्षण के मुद्दे को लेकर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के आरक्षण में कटौती कर मुस्लिम आरक्षण लागू करना चाहती है। पीएम मोदी ने कहा कि संविधान निर्माताओं और खासकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की आरक्षण को लेकर स्पष्ट सोच थी।

उन्होंने महिला आरक्षण का मुद्दा भी उठाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विधायी संस्थाओं में महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए कानून को विपक्ष ने आगे नहीं बढ़ने दिया। उन्होंने देश की महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनकी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास जारी रहेगा।

विपक्ष विरोध पक्ष नहीं, अवरोध पक्ष बन गया : PM मोदी

प्रधानमंत्री ने विपक्ष की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का काम सरकार की नीतियों की समीक्षा करना और जरूरी मुद्दों पर सवाल उठाना है। लेकिन दुर्भाग्य से देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी विरोध पक्ष की जगह अवरोध पक्ष बनती जा रही है।

उन्होंने कहा कि संवैधानिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना विपक्ष की जिम्मेदारी निभाने का विकल्प नहीं हो सकता। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए सरकार और विपक्ष दोनों को अपनी जिम्मेदारियां समझनी चाहिए।

विकसित भारत के लिए युवाओं को दिए दो मंत्र

अपने लेख के आखिरी हिस्से में पीएम मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य का उल्लेख किया। उन्होंने देश के युवाओं से दो सिद्धांत अपनाने की अपील की। पहला, सोच में ‘इंडिया फर्स्ट’ और दूसरा, काम में ‘कर्तव्य’ की भावना।

प्रधानमंत्री के मुताबिक, संविधान को अपनी ताकत मानकर और नागरिक जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देकर ही देश आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य तैयार कर सकता है।

उन्होंने कहा कि संविधान दिवस केवल संविधान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि इसके मूल्यों, अधिकारों और कर्तव्यों को जीवन में अपनाने का भी दिन है।

Related Articles

Back to top button