कंपनी में मतभेद के चलते TCS ने नए CEO की अगुवाई में सांगठनिक किए बदलाव

मुंबई: सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी टाटा कंसल्टेंसी र्सिवसेज (टीसीएस) ने अपने नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक के कृतिवासन की अगुआई में शनिवार को पहले सांगठनिक बदलाव की घोषणा की है। टीसीएस ने कहा कि कंपनी में अब उद्योग क्षेत्रों और भौगोलिक स्थितियों के आधार पर व्यापारिक समूह बनाए जाएंगे। कंपनी ने हैरिक विन को नए मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) और अभिनव कुमार को विपणन के अंतरिम प्रमुख के रूप में पदोन्नत किया।
पूर्व सीईओ और एमडी राजेश गोपीनाथन की अगुआई में कंपनी ने अप्रैल, 2022 में नई पद्धति अपनाई थी, जिसमें उसके ग्राहकों को उनकी आर्थिक स्थिति के आधार पर व्यवस्थित किया गया था। कुछ मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इससे कंपनी के अंदर, विशेषकर उच्च स्तर पर कुछ मतभेद उत्पन्न हो गए थे। कृतिवासन ने कर्मचारियों को भेजी अधिसूचना में कहा कि पिछले दो महीनों में र्किमयों और ग्राहकों के साथ बैठक करने के बाद यह निर्णय लिया गया। कृतिवासन ने एक जून को पदभार ग्रहण किया था।



