औषधि पादप बोर्ड ने जड़ी-बूटी पीसने की मशीन का वितरण किया

रायपुर(realtimes) मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, वन मंत्री मोहम्माद अकबर और पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड द्वारा बोर्ड कार्यालय में छत्तीसगढ़ राज्य के पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को परंपरागत रूप से कार्य कर रहे वैद्यों को उनके द्वारा हर्रा, बहेड़ा एवं आंवला इत्यादि औषधि पदार्थों को पिसने के लिए पल्वालाईजर मशीन, सीलिंग मशीन, हैण्ड ग्लोब तथा पैकिंग पाउच का वितरण आज छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड के सदस्यों माननीय बीरसिंह पद्दा एवं शुक्ला प्रसाद धुर्वे के उपस्थिति में किया गया ।
उपरोक्त मशीन 01 समूह पद्धति के रूप में प्रदाय किया गया है, उक्त मशीन का उपयोग प्रदाय किये गये समूह के साथ-साथ आसपास के 8 से 10 गांव में निवासरत अन्य वैद्य समुदाय को भी लाभ होगा । इस मशीन के माध्यम से हर्रा, बहेड़ा, आंवला, हल्दी, कालमेघ, बला, सतावर, अडूसा, तुलसी, ब्राहमी, तिखुर, बायबिडंग, कौंच, अश्वगंधा, बच, स्टीवया, गिलोय इत्यादि जड़ी-बूटी के रॉ मटेरियल को पीसने में उपयोग किया जावेगा ।
वितरण के दौरान राज्य के जिला धमतरी 10 वैद्य, कांकेर 20 वैद्य, कवर्धा 10 वैद्य, बिलासपुर 20 वैद्य, कोरबा 10 वैद्य, कोण्डागांव 10 वैद्य, कटघोरा 10 वैद्य कुल 07 जिलों से पधारे हुए 90 वैद्य उपस्थित रहे तथा उनके द्वारा बताया गया कि पल्वालाईजर मशीन प्राप्त होने से औषधि पादपों को पिसने में सरलता होगा तथा ग्लोब्स की उपयोग से औषधीय पाउडर में स्वच्छता एवं कन्टेनर में रखने से गुणवत्ता भी बनी रहेगी ।
वैद्यों को अपने द्वारा निर्मित औषधीयों को प्रदान किये जाने के समय स्वच्छता एवं गुणवत्ता बनाये रखने के उद्देश्य से पैकेजिंग पाउच व पैकिंग मशीन वैद्यों को प्रदाय किया गया तथा वैद्यों के द्वारा मांग किया गया है कि उक्त मशीन का वितरण भविष्य में छत्तीसगढ़ राज्य के प्रत्येक जिलों के प्रसिद्ध पारंपरिक वैद्य समूहों को भी प्रदान किया जाए, ताकि उन्हें भी औषधि पादपों को पिसने में सरलता एवं सहायता प्राप्त हो ।
छत्तीसगढ़ के विभिन्न वैद्य संघों के द्वारा बताया गया कि इस प्रकार के मशीनों का वितरण छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड द्वारा 20 वर्ष में पहली बार वितरण किया गया है, जिससे वैद्य संघ समूह में हर्ष व्यक्त किया गया है ।
वितरण कार्यक्रम के दौरान बोर्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जे.ए. सी. एस. राव तथा बोर्ड के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे ।



