उद्याेगाें का टलेगा अब काेयला संकट, स्टील मंत्री ने दिलाया लिंकेज की समस्या के समाधान का भरोसा - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
businessState

उद्याेगाें का टलेगा अब काेयला संकट, स्टील मंत्री ने दिलाया लिंकेज की समस्या के समाधान का भरोसा

रायपुर(realtimes) काेयले के लिए परेशान चल रहे छत्तीसगढ़ के साथ देश भर के उद्याेगाें काे अब इस संकट से जल्द मुक्ति मिलने वाली है। दरअसल में दिल्ली में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में उद्योगों की हुई बैठक में कोयला संकट की समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन मिला है। छत्तीसगढ़ स्पंज आयरन एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल नचरानी ने बैठक में एसईसीएल से लिंकेज समाप्त होने के बाद इसका नवीनीकरण न करने का मामला उठाया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने जल्द से जल्द समाधान करने की बात की है।

प्रदेश के स्पंज आयरन उद्योगों को भी कोल इंडिया के एसईसीएल से कोयला मिलता है। इनका पांच साल का लिंकेज समाप्त हो गया है। ऐसे में इनको इस साल से कोयला मिलना बंद हो गया है। इसको लेकर भारी संकट की स्थिति है। अगर कोल इंडिया से कोयला नहीं मिला तो उद्योगों में ताले लग जाएंगे। इस समय जिन उद्योगों का मार्च का बैकलॉक कोयला बचा था, वह मिला है। स्पंज आयरन एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल नचरानी का कहना है, अलग-अलग उद्योगों का अलग-अलग लिंकेज रहता है, लेकिन अब सभी का लिकेंज समाप्त हो गया है और किसी के पास भी लिंकेज का कोयला नहीं है। ऐसे में उद्योगों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। इस समय काम विदेशी कोयले से चल रहा है। इसकी कीमत ज्यादा होने से लंबे समय तक इसके भरोसे उद्योग नहीं चल सकते हैं।

सिंधिया को बताई सारी समस्या

अनिल नचरानी ने बताया, केंद्रीय इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की अध्यक्षता में सेकेंडरी इस्पात उद्योग के सलाहकार समूह के साथ बैठक हुई। बैठक में उद्योगों को कच्चे माल, कोयले की समस्या समेत अन्य कठिनाइयों से अवगत कराया गया। एनएमडीसी से संबंधित लौह अयस्क तथा एसईसीएल से संबंधित कोयला मिलने में आ रही भारी कठिनाइयों को प्रमुखता से इस्पात मंत्री के समक्ष रखा गया। श्री नचरानी ने कहा, छत्तीसगढ़ के स्पंज आयरन उद्योगों को जरूरत के हिसाब से कोयला आपूर्ति नहीं की जा रही है, इसके कारण उत्पादन प्रभावित हो रहा है। कई उद्योगों के सामने तालेबंदी की नौबत आ गई है। लिंकेज के बारे में भी पूरी जानकारी देने पर श्री सिंधिया ने कोल इंडिया से बात करके समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया है। श्री नचरानी ने भिलाई स्टील प्लांट के साथ बिलेट और स्क्रैप आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं से भी केंद्रीय इस्पात मंत्री को अवगत कराया। श्री नचरानी ने बताया, सभी बिंदुओं को श्री सिंधिया ने गंभीरता से सुना और सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Back to top button