मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

छत्तीसगढ़ में 2-3 दिन में मानसून की विदाई के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले दो से तीन दिनों में मानसून की वापसी शुरू हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी छत्तीसगढ़ से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। हालांकि, दक्षिण और मध्य हिस्सों में अगले तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रहेंगी।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। दुर्ग जिले के भिलाई में सबसे अधिक 58.6 मिमी वर्षा हुई, वहीं अधिकतम तापमान 32.02 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री पेंड्रारोड में रिकॉर्ड किया गया। रायपुर और आसपास के इलाकों में भी शुक्रवार को रुक-रुककर बारिश देखी गई।

इस साल अक्टूबर में अब तक राज्य में सामान्य से 109% अधिक वर्षा दर्ज की गई है। आमतौर पर 8 अक्टूबर तक प्रदेश में औसतन 28.3 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार अब तक 59.1 मिमी से ज्यादा वर्षा हो चुकी है। इससे स्पष्ट है कि मानसून इस बार सामान्य से अधिक सक्रिय रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की आधिकारिक अवधि 30 सितंबर तक मानी जाती है, जबकि इसके बाद की बारिश को ‘पोस्ट मानसून’ कहा जाता है। देश के कई हिस्सों में मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है, पर छत्तीसगढ़ में अभी भी इसकी गतिविधियां जारी हैं।

आमतौर पर राज्य से मानसून की वापसी 5 अक्टूबर के आसपास सरगुजा से शुरू होती है, लेकिन इस बार यह करीब 10 दिन देरी से हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि प्रदेश से मानसून 15 अक्टूबर के बाद लौटेगा।

Related Articles

Back to top button