साय मंत्रिमंडल का पहला विस्तार, तीन नए मंत्री लेंगे शपथ - realtimes
मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
State

साय मंत्रिमंडल का पहला विस्तार, तीन नए मंत्री लेंगे शपथ

राजेश अग्रवाल, गजेंद्र और गुरु खुशवंत लेंगे शपथ

विभागों के बंटवारे की अटकलें भी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य की भाजपा सरकार का पहला मंत्रिमंडल विस्तार बुधवार को होगा। नए मंत्री के रूप में राजेश अग्रवाल( अंबिकापुर) गुरु खुशवंत ( आरंग) और  गजेंद्र यादव शपथ ग्रहण करेंगे। इन मंत्रियों को दिए जाने वाले विभाग, मुख्यमंत्री, दोनों उप मुख्यमंत्री और एक- दो अन्य मंत्रियों के विभागों से हटाकर दिए जाने की संभावना है। खास बात ये है कि साय मंत्रिमंडल के गठन के समय मंत्री का पद खाली रखा गया था। इसके बाद मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सांसद बनने के बाद मंत्री पद से इस्तीफा दिया था। तीसरा मंत्री हरियाणा फार्मूले के आधार पर बनाया जा रहा है, जहां 90 सदस्यों की विधानसभा में 14 मंत्री होते हैं।कई दावेदारों में निराशाराज्य में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भाजपा के कई वरिष्ठ विधायकों की उम्मीद बंधी थी कि उन्हें मंत्री बनने का माैका मिलेगा। लिहाजा खुद मंत्री और उनके समर्थकों में उत्साह बना था। लेकिन जैसे ही ये तस्वीर साफ हुई कि पहली बार चुने गए विधायकों को माैका दिया जा रहा है, तो वरिष्ठ विधायकों दावेदारों के बीच निराशा का माहाैल है। मंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में धरमलाल काैशिक, अमर अग्रवाल, राजेश मूणत, अजय चंद्राकर, पुन्नुलाल मोहले, विक्रम उसेंडी, लता उसेंडी, भैयालाल राजवाड़े, धरमजीत सिंह के नाम शामिल थे। इनके अलावा पहली बार विधायक बनने वाले पूर्व सांसद का नाम भी दावेदारों की सूची में गिना जा रहा था। राजनीतिक प्रेक्षकों की धारणा है कि वरिष्ठ विधायकों को दरकिनार किए जाने का असर भाजपा की सियासत में दिख सकता है। खासकर विधानसभा सत्र के दाैरान वरिष्ठ अनुभवी विधायक अपने अनुभव व दक्षता का इजहार करेंगे।नए मंत्रियों को मिलेंगे ये विभाग- अटकलें

राजनीतिक हल्कों में अटकलें हैं कि किस नए मंत्री को काैन से विभाग दिए जा सकते हैं। इसमें राजेश अग्रवाल को वन एवं आबकारी विभाग दिए जाने की संभावना है। वन विभाग फिलहाल मंत्री केदार कश्यप के पास है, और आबकारी का जिम्मा मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने पास रखा है। इसी क्रम में चर्चा है कि गजेंद्र यादव को स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और  एवं तकनीकी शिक्षा विभाग दिए जा सकते हैं। इनमें से स्कूल शिक्षा और उच्च शिक्षा पूर्व में बृजमोहन अग्रवाल के पास थे, उनके इस्तीफे के बाद इन विभागों की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री श्री साय के पास आ गई थी। इसी तरह तकनीकी शिक्षा का जिम्मा उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के पास था। तीसरे नए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब को पीएचई और खादी तथा ग्रामोद्योग विभाग दिए जाने चर्चा है। इनमें से पीएचई विभाग उपमुख्यमंत्री अरुण साव के पास था तथा ग्रामोद्योग विभाग  मुख्यमंत्री श्री साय के पास था।

Related Articles

Back to top button