मौसम डेटा स्रोत: रायपुर मौसम
Top News

भारतीय प्रबंधन संस्थान संशोधन विधेयक लोकसभा से पारित

  • विधेयक पारित होने के बाद लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

नई दिल्ली। लोकसभा ने मंगलवार को भारतीय प्रबंधन संस्थान (संशोधन) विधेयक, 2025 को ध्वनिमत से पारित कर दिया। इस विधेयक के तहत भारतीय प्रबंधन संस्थान अधिनियम, 2017 में संशोधन कर असम के गुवाहाटी में एक नया आईआईएम स्थापित करने और उसे अधिनियम की अनुसूची में सम्मिलित करने का प्रावधान है। इससे गुवाहाटी आईआईएम देश का 22वां आईआईएम बन जाएगा। विधेयक पारित होने के बाद लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। इससे पहले सदन में विपक्षी दलों ने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विरोध दर्ज कराया। विपक्षी सदस्यों ने आरोप लगाया कि यह प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं है और इसका उद्देश्य राजनीतिक लाभ प्राप्त करना हो सकता है। 

हालांकि सरकार की ओर से इस विषय पर विस्तृत उत्तर नहीं दिया गया। विधेयक पर चर्चा के दौरान शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह विधेयक केवल शैक्षणिक संस्थान की स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूर्वोत्तर भारत में शिक्षा और प्रबंधन के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक शुरूआत है। गुवाहाटी में आईआईएम की स्थापना की मांग को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में साकार किया गया है। सरकार गुवाहाटी में आईआईएम की स्थापना के लिए 550 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देगी और असम सरकार भूमि और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।  विपक्षी सदस्यों ने इसे ह्लचुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेपह्व और ह्लमतदाता सूची में अनुचित फेरबदलह्व की आशंका से जोड़ते हुए विरोध दर्ज किया। इन मुद्दों के बीच विधेयक पारित होते ही लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

दूसरी तरफ  राज्यसभा ने मंगलवार को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2025 पारित कर दिया। यह विधेयक लोकसभा से 12 अगस्त को ही पारित हो चुका है। यह विधेयक खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 में और संशोधन करेगा। विधेयक में प्रावधान है कि पट्टाधारक मौजूदा पट्टे में अन्य खनिजों को जोड़ने के लिए राज्य सरकार को आवेदन कर सकते हैं। विधेयक पारित करने के बाद राज्यसभा की कार्यवाही बुधवार को 11 बजे तक स्थगित कर दी गयी। सदन की कार्यवाही दोबारा दोपहर दो बजे शुरू होते ही पीठासीन सभापति घनश्याम तिवाड़ी ने केंद्रीय खान मंत्री जी. किशन रेड्डी को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2025 पर चर्चा के लिए नाम पुकारा। 

इस पर विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्ष बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर चर्चा की मांग कर रहा है। इसके बाद हंगामा शुरू हो गया। घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि सदन में केवल विधायी कार्य ही होने चाहिए। इसके बाद विपक्ष ने सदन से वॉकआउट किया। इस बीच खान मंत्री रेड्डी ने खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2025 पर बहस शुरू की। इस विधेयक पर भाजपा सदस्य मयंक कुमार नायक (गुजरात), दीपक प्रकाश (झारखंड) और सीमा द्विवेदी (उत्तर प्रदेश) तथा राकांपा सदस्य प्रफुल्ल पटेल ने विधेयक के पक्ष में अपनी बात रखी। 

इसके साथ वाईएसआरसीपी सदस्य अयोध्या रामी रेड्डी अल्ला और बीजद सदस्य मानस रंजन मंगराज ने विधेयक के पक्ष में अपनी बात रखी। विधेयक पर जवाब देते हुए जी किशन रेड्डी ने कहा कि इस विधेयक में समग्र सरकारी दृष्टिकोण से प्रस्तुत संशोधन शामिल हैं, जो सहकारी संघवाद की भावना से निर्देशित हैं और उद्योग जगत के नेताओं एवं हितधारकों के साथ व्यापक परामर्श के बाद तैयार किए गए हैं। इन छह संशोधनों का उद्देश्य महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि वर्ष 20214 में नरेन्द्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से कोयला आवंटन और खान मंत्रालय के कामकाज में काफी सुधार हुआ है। केंद्र सरकार ने खनन क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं।

Related Articles

Back to top button