बिहार में सियासी उथल-पुथल जारी, नीतीश कुमार ने दिया इस्तीफा

पटना: बिहार में सियासी उथल-पुथल जारी है। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने रविवार को राज्यपाल राजेंद्र अरलेकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया।
सूत्रों की मानें तो आज ही वह भाजपा के साथ गठबंधन में नई सरकार बनाएंगे और 9वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.
नीतीश के इस्तीफा सौंपने से पहले सीएम आवास पर जेडीयू विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सभी विधायकों को एनडीए में वापसी के बारे में सूचित किया गया. इसी के साथ 17 महीने की महागठबंधन सरकार का अंत हो गया.
इस्तीफा देने के बाद नीतीश पत्रकारों से मुखातिब हुए. उन्होंने कहा, ‘आज हमने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और जो सरकार थी उसको भी समाप्त करने का प्रस्ताव हमने राज्यपाल को दे दिया. सभी लोगों की राय, अपनी पार्टी की राय, सब ओर से राय आ रही थी. हमने अपने लोगों की राय को सुन लिया और सरकार को समाप्त कर दिया है.
पहले गठबंधन को छोड़कर नया गठबंधन बनाए थे, इधर आकर स्थिति ठीक नहीं लगी, इसीलिए हम लोगों ने आज इस्तीफा दे दिया, अलग हो गए. हम लोग इतनी मेहनत करते थे और सारा क्रेडिट दूसरे लोग ले रहे थे. अब नए गठबंधन में जा रहे हैं. पहले जो पार्टियां एक थीं (जदयू और बीजेपी), आज फैसला करेंगी तो आगे बताएंगे’.



