सोना 27 सौ और चांदी की कीमत पांच हजार घटी, सराफा बाजार में रौनक और बढ़ी

रायपुर(realtimes) जाे साेना लगातार आसमान पर जा रहा था, वह अब जमीन पर आने लगा है। छत्तीसगढ़ के इतिहास में सोना 63 हजारी की दहलीज पर पहुंचने के बाद अब वापस लुढ़कने लगा है। इसी के साथ चांदी की कीमत भी लगातार कम हो रही है। चांदी की कीमत तो महज चार दिनों में 36 सौ रुपए कम हो गई है। वैसे एक माह के अंदर चांदी की कीमत में पांच हजार की कमी आई है। इसी तरह से एक माह में सोना 27 साै रुपए कम हुआ है। वैसे पखवाड़े भर में कीमत 17 साै रुपए कम हुई है। कीमत कम होने का कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार है। कीमत कम होने से सराफा बाजार की रौनक और बढ़ गई है। वैसे भी शादियों का सीजन चल रहा और लोग जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
सोने की कीमत पिछले माह से लगातार बढ़ रही थी। 20 मई को कीमत रिकॉर्ड जीएसटी के साथ 62900 हो गई थी। संभावना जताई जा रही थी कि इस बार कीमत 65 हजार तक जाएगी, लेकिन इसके विपरीत कीमत में गिरावट का क्रम प्रारंभ हो गया। 7 जून को कीमत 62 हजार पर आ गई। इसके बाद से कीमत में लगातार कमी होती जा रही है। कीमत में ज्यादा इजाफा होने की संभावना कम है। इस सप्ताह बाजार खुलने पर सोने की कीमत 61100 रुपए थी, जो अब 60 हजार 350 रुपए हो गई है।
चांदी की कीमत ऐसे लुढ़की
चांदी कीमत एक माह पहले 20 मई को 74 हजार रुपए किलो थी। लेकिन अब कीमत 69000 हो गई है। यानी एक माह में कीमत में पांच हजार रुपए की कमी आई है। इसमें से 36 सौ रुपए कीमत तो चार दिनों में कम हुई है। इस सप्ताह बाजार प्रारंभ होने पर कीमत 72 हजार 600 रुपए थी।
सात माह में सोना 13 हजार हुआ था महंगा
इसके पहले सोने की कीमत करीब सात माह में 12 हजार नौ सौ रुपए बढ़ी थी। पिछले साल धनतेरस और पुष्य नक्षत्र और दीपावली के समय राजधानी रायपुर में सोने की कीमत 50 हजार दो सौ रुपए थी, जो मई में 62 हजार 900 रुपए हो गई थी। कारोबारियों के मुताबिक पहले कभी इतने कम समय में इतनी ज्यादा कीमत नहीं बढ़ी थी। पिछले साल तो ज्यादातर समय कीमत 50 हजार के आस-पास ही रही है। इस साल कीमत में लगातार इजाफा होने से पहले कीमत 55 हजार के पार हुई। इसके बाद देश में सोना पहली बार इस साल 60 हजारी हुआ और इसके बाद सोना 63 हजारी की राह पर चला लेकिन 63 हजार बनने से पहले ही सोना वापस अब 60 हजारी के रास्ते पर है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार का असर
सराफा कारोबारी हरख मालू का कहना है सोने और चांदी की कीमत में कमी का कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत कम होने के कारण यहां पर इसका असर दिख रहा है। कीमत कम होने से सराफा बाजार में लगातार खरीदारी में इजाफा हो रहा है। जहां शादियों की खरीदारी हो रही है, वहीं निवेश करने वाले भी आ रहे हैं।



