मिशन 2023 पर भाजपा की कार्यसमिति में होगा आज मंथन

रायपुर(realtimes) प्रदेश भाजपा की कार्यसमिति कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आज सुबह 10.30 बजे से होगा। इसमें शामिल होने के लिए प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, सहप्रभारी नितिन नवीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल पहुंच गए हैं। प्रदेश प्रभारी और सहप्रभारी ने प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव और सभी महामंत्रियों के साथ बैठक करके कार्यसमिति में रखे जाने जाने वाले एजेंडों पर चर्चा कर ली है। कार्यसमिति में मुख्य रूप से मिशन 2023 पर मंथन के साथ महासंपर्क अभियान को लेकर रणनीति बनेगी। प्रदेश प्रभारी ने रायपुर पहुंचने पर कहा, कार्यसमिति की बैठक में संगठन को लेकर चर्चा होगी। राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इसी के साथ अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस माह 9 साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय संगठन से देशभर महासंपर्क अभियान चलाने का फैसला किया है। इसमें क्या-क्या होगा, इसको लेकर सभी राज्यों को राष्ट्रीय संगठन ने कार्यसमिति में रणनीति बनाने के लिए कहा है। ऐसे में छत्तीसगढ़ भाजपा में भी कार्यसमिति रखी गई है। कार्यसमिति में मुख्य रूप से महासंपर्क अभियान काे लेकर रणनीति बनेगी। लोकसभा और विधानसभावार लोगों के घर-घर संपर्क करके केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में बताया जाएगा। इसी के साथ और क्या-क्या किया जाना है, इसकी पूरी रूपरेखा तैयार होगी।
रखा जाएगा राजनीतिक प्रस्ताव
कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव भी रखा जाएगा। इसमें मिशन 2023 पर अहम फोकस होगा। प्रस्ताव में जहां केंद्र सरकार की योजना पर बात होगी, वहीं प्रदेश सरकार को घेरा जाएगा। प्रदेश सरकार के खिलाफ होने वाले आंदोलनों को लेकर भी रणनीति बनेगी। प्रदेश भाजपा संगठन ने जो तीन बड़े आंदोलन तय किए हैं, उसको लेकर पूरी रणनीति बनेगी। तीन आंदोलन में भाजयुमो का भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आंदोलन, महिला मोर्चा का शराबबंदी और प्रदेश संगठन का तेंदूपत्ता को लेकर बड़ा आंदोलन शामिल है। इसी के साथ बूथों को मजबूत करने की रणनीति, बूथों के पन्ना और पेज प्रभारियों की नियुक्ति समेत राज्य के राजनीतिक हालात पर भी चर्चा होगी।



